सोनी मंगलवार सुबह भाई अनुज फौजी के मकान से अपने दूसरे मकान पर पैदल आ रही थी। जैसे ही वह गांव के बीच स्थित बड़े मंदिर के समीप पहुंची तो बाइक सवार युवकों ने सोनी पर गोलियां बरसा दी। सोनी को दो गोली लगीं। गोली की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और ग्रामीण घरों में छुप गए, जिस कारण आरोपी मौके से आसानी से भाग निकले।
घायल हालत में सोनी को मोदीपुरम स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली और घटना स्थल से पिस्टल के दो खोखे बरामद किए। बताया गया कि सुभाष के चार बेटी और दो बेटे हैं। सोनी तीसरे नंबर की है।
प्रेम-प्रसंग से जुडा हो सकता है मामला
सोनी की पहली शादी हाजीपुर निवासी बड़ी बहन अलका के देवर सत्येंद्र के साथ हुई थी। सोनी दो माह पहले पति सत्येंद्र के साथ मवाना दवाई लेने गई थी। इस दौरान पति को चकमा देकर सोनी खरदौनी गांव निवासी प्रेमी नाजिम के साथ चली गई।
सोनी को सिकंदराबाद से बरामद किया गया था, जिसके बाद सत्येंद्र ने सोनी को ले जाने से इनकार कर दिया। 20 दिन पहले ही सोनी की दूसरी शादी हुई थी। पुलिस प्रेम प्रसंग और पहली शादी से मामले को जोड़कर जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी विष्णु कौशिक का कहना है कि जांच की जा रही है। वहीं मौके पर पहुंचे सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि परिजनों ने सोनी के पहले पति और प्रेमी हत्या का आरोप लगाया है। उसने दो महीने पहले धमकी दी थी। वह तभी सही से मारने की फिराक में लगा हुआ था तहरीर मिल गई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।