मेरठ के लालकुर्ती बाजार में दो युवतियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई।
मेरठ के लालकुर्ती बाजार में शुक्रवार को दो युवतियों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया। आरोप है कि बाजार में सामान खरीदने पहुंची युवतियों पर स्कूटी सवार दो युवकों ने अश्लील कमेंट किए और विरोध करने पर अभद्रता की। घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
सामान खरीदने बाजार पहुंची थीं युवतियां
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले के अनुसार, भावनपुर थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी दो युवतियां शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे लालकुर्ती बाजार में सामान खरीदने पहुंची थीं। इसी दौरान एक दुकान के बाहर स्कूटी पर बैठे लालकुर्ती निवासी कामिल और कोतवाली निवासी सूफियान ने युवतियों पर अश्लील कमेंट किए।
विरोध करने पर अभद्रता का आरोप
युवतियों ने कमेंट का विरोध किया तो आरोप है कि दोनों युवक अभद्रता पर उतर आए। उनके साथ गाली-गलौज और छेड़छाड़ की गई। घटना के बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और दुकानदारों की भीड़ एकत्र हो गई। युवतियों के अनुसार, दुकानदारों ने दोनों आरोपियों को मौके से भगा दिया। युवतियों ने उनका पीछा कर पकड़ने का प्रयास भी किया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दोनों आरोपियों के युवतियों के साथ अभद्रता करने की बात सामने आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट से मिली जमानत
महिला दरोगा पूजा की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने कामिल और सूफियान को गिरफ्तार कर उनका चालान किया और कोर्ट में पेश किया।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि कोर्ट से दोनों आरोपियों को जमानत मिल गई।