मेरठ के रोहटा रोड पर सरस्वती विहार के पास नाले में एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की। मृतक की पहचान कराने की कोशिश की गई लेकिन शनाख्त नहीं हो सकी।
टीपीनगर थाना क्षेत्र के रोहटा रोड स्थित सरस्वती विहार के बाहर नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकाला। राहगीरों व आसपास के लोगों से काफी पूछताछ की लेकिन मृतक युवक की कोई शनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया। टीपीनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि देर शाम को कॉलोनीवासियों व राहगीरों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रोहटा रोड पर कूड़ा बीनने का काम करता था और नशे का आदि था। पुलिस का कहना है कि तीन दिन बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फैक्टरी मालिक से रंगदारी मांगने में दो
जानी थाना क्षेत्र में ट्रैकसूट बनाने वाली कंपनी के मालिक से एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने भावनपुर निवासी इंद्र और अंकित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक शीलकुंज कॉलोनी में रजत भूटानी परिवार के संग रहते हैं। उनकी ट्रैकसूट बनाने की फैक्टरी है। फैक्टरी में भावनपुर के इंद्र और अंकित कपड़े की सप्लाई देने आते थे। मंगलवार को फैक्टरी के सुरक्षा गार्ड सोम को एक पत्र मिला। जिसमें लिखा था कि फैक्टरी के स्वामी एक करोड़ रुपए दें वरना अंजाम भुगतने के लिए तैयार हो जाएं। पत्र के आधार पर रंगदारी का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इंद्र और अंकित को गिरफ्तार कर लिया था।
एसपी देहात कमलेश बहादुर सिंह का कहना है कि इंद्र और अंकित ने बताया कि उन्हें लगा था कि पत्र डालकर रजत भूटानी से रकम वसूल लेंगे इसलिए सुरक्षा गार्ड के पास ही पत्र को फेंका गया था।
हूटर सायरन लगी स्कॉर्पियो की सीज
सरधना के सरूरपुर थाना पुलिस ने पांचली बुजुर्ग निवासी युवक की स्कॉर्पियो गाड़ी को पकड़ा है। जिस पर योगी सेवक लिखा है। हूटर बजाने पर पुलिस ने जांच करते हुए गाड़ी को रोक लिया। खुद को मुख्यमंत्री का करीबी बताने वाले नीरज शर्मा की हूटर सायरन लगी स्कॉर्पियो गाड़ी को बुधवार देर रात हर्रा पुलिस ने सीज कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक देव सिंह रावत ने बताया कि उक्त गाड़ी के बारे में पांचली बुजुर्ग निवासी नीरज शर्मा का नाम प्रकाश में आया है। बताया गया है कि नीरज शर्मा खुद को योगी सेवक और मुख्यमंत्री का करीबी बताते हैं। पुलिस का कहना है कि कस्बा हर्रा निवासी दो पक्षों में जमीन को लेकर आपस में विवाद चल रहा है। एक पक्ष ने संदिग्ध गतिविधि में गाड़ी खड़ी होने की आशंका जताते पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। स्कार्पियो को कब्जे में लेकर पुलिस ने चौकी भिजवा दिया। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि स्कॉर्पियो की वैधता समाप्त हो चुकी है। दस्तावेज नहीं मिलने पर वाहन को सीज करा दिया गया है। गाड़ी मालिक की जानकारी की जा रही है।