मेरठ। ई-संजीवनी ओपीडी में मेरठ अव्वल चल रहा है। इसमें अब और चिकित्सकों को जोड़ा जाएगा। मिशन निदेशक ने इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश जारी किए हैं।
मेरठ में साल 2022-23 में 206404 ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन ओपीडी हुईं। साल 2021 में मेरठ जनपद में 38220 ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन ओपीडी हुईं थीं। अब निर्देश मिले हैं कि प्रशासनिक कार्यों में जुटे चिकित्सक और सभी विशेषज्ञ भी अब टेलीमेडिसिन सेवाएं प्रदान करने के लिए ई-संजीवनी पोर्टल पर जुड़ेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डाॅ. अखिलेश मोहन ने बताया कि जन समुदाय हो गुणवत्ता परक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से समस्त उप-केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) के रूप में सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। एचडब्ल्यूसी के क्रियाशील होने के विभिन्न मानकों में से टेलीमेडिसिन के माध्यम से जन समुदाय को चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना एक महत्वपूर्ण मानक है। मिशन निदेशक की ओर से प्रशासनिक कार्यों में लगे समस्त चिकित्सकों, विशेषज्ञों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और एएनएम की लॉगिन आईडी बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) हरपाल सिंह ने बताया कि जनपद में अब तक 73 चिकित्सा अधिकारी (एमओ) और 255 सीएचओ टेलीमेडिसिन सेवाओं के लिए ई-संजीवनी पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। प्रत्येक चिकित्सा इकाई द्वारा प्रत्येक कार्य दिवस में ओपीडी अवधि में रोस्टर के मुताबिक अनिवार्य रूप से टेलीमेडिसिन सेवाएं प्रदान करने के भी निर्देश हैं।