मेरठ। सिविल लाइन के यादगारपुर में तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने सामने से बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी, जिसमें महिला के सिर पर बस का अगला पहिया उतरने से उसकी मौके पर मौत हो गई। चालक बस छोड़कर मौके से फरार हाे गया। परिजनों ने हंगामा कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। आरोपी बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
टीपीनगर शिवपुरम के रहने वाले सुरेश चंद बिजली मिस्त्री हैं। उनकी शादी भावनपुर के मुबारिकपुर के रहने वाली संतोष के साथ 2001 में हुई थी। सुरेश के 19 वर्षीय एक बेटा और एक 17 वर्षीय बेटी है। सुरेश अपनी पत्नी के साथ बुधवार सुबह 10:15 बजे अपनी बहन के घर नारंगपुर सिंधारा देने जा रहे थे। जैसे ही यादगारपुर में पुलिस चेक पोस्ट के पास पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। बस का अगला पहिया संतोष के सिर के ऊपर से उतर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश ने जानकारी देकर चचेरे भाई कुणाल को मौके पर बुला लिया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। काफी देर चले हंगामे के बाद सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया का कहना है कि आरोपी बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गोबर होने की वजह से फिसल जाते हैं वाहन
हादसे के बाद यादगारपुर के लोगों में रोष है। उनका कहना है कि यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। इसकी वजह यहां डेयरियों से निकालकर सड़क किनारे फैलाया गया गोबर है। बारिश से वह सड़क पर आ जाता है। हल्के ब्रेक लगाने पर भी वाहन फिसल जाते हैं।