मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र के पालिका बाजार में रविवार रात हुई दो बाइकों की भिड़ंत में घायल साजिद की उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हादसे में दूसरी बाइक पर सवार मलियाना निवासी दो दोस्त भी घायल हुए हैं। साजिद के बड़े भाई नफीस चौधरी सपा के महानगर सचिव रहे हैं।
खैरनगर धोबी का छत्ता निवासी साजिद(26) पुत्र शफीक अहमद घर के निकट ही एक मेडिकल स्टोर पर काम करते थे। रविवार रात वह बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। देहली गेट क्षेत्र में पालिका बाजार में उनकी बाइक की सामने से आ रही बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में साजिद और दूसरी बाइक पर सवार टीपीनगर थाना क्षेत्र के मलियाना निवासी अरूण व मोहित भी घायल हो गए। अरूण और मोहित ई-कॉमर्स कंपनी में नौकरी करते हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां से साजिद को दिल्ली रेफर कर दिया गया।
बृहस्पतिवार को साजिद ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव घर पहुंचा तो परिजन का रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में माता-पिता के अलावा छह भाई और एक बहन है। भाइयों में साजिद सबसे छोटे थे। साजिद के परिजन ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।