मेरठ सिटी स्टेशन पर बरसात के चलते सिग्नल केबल में हुए शॉर्ट सर्किट से सिग्नल ठप हो गए, जिसने आनंद विहार से देहरादून जा रही वंदे भारत के पहिए थम दिए। वंदे भारत मेरठ सिटी स्टेशन पर आधे घंटे तक खड़ी रही। यात्रियों में कारण जानने के लिए बेचैनी हो गई। सिग्नल ठीक होने पर वंदे भारत को मुजफ्फरनगर की ओर रवाना किया गया।
देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22457 मंगलवार शाम आनंद विहार टर्मिनल से देहरादून जा रही थी। मेरठ पहुंचने का समय 6:36 बजे निर्धारित है, जिसका यहां पर दो मिनट का ही स्टॉपेज है। मंगलवार शाम को वंदे भारत निर्धारित समय से 11 मिनट की देरी से 6:47 बजे मेरठ सिटी स्टेशन पहुंची। स्टेशन मास्टर ने दो मिनट के ठहराव के बाद जब उसे आगे के लिए रवाना करना चाहा, तो प्लेटफार्म नंबर तीन को सिग्नल डाउन नहीं हो सका। जिससे रेलवे कर्मचारी परेशान हो गए। स्टेशन मास्टर ने कर्मचारियों को सिग्नल के पास भेजा तो पाया कि बरसात के चलते जलभराव होने पर सिग्नल में जा रहा बिजली का केबल शॉर्ट सर्किट होने से जल गया था। इसी कारण से सिग्नल डाउन नहीं हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर सिग्नल कोर के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और केबल बदलने का काम किया। सिग्नल ठीक होने पर ट्रेन को 7:21 बजे मुजफ्फरनगर के लिए रवाना किया गया।