बिजनौर से नजीबाबाद तक चार बाईपास
एनएच 119 को जाम से मुक्त करने के लिए बिजनौर से नजीबाबाद तक चार बाईपास बनाया जाना तय हुआ है। एनएचएआई के अफसरों के मुताबिक पहला बाईपास बिजनौर से करीब पांच किलोमीटर पहले ही बनेगा, जो नजीबाबाद रोड पर जाकर मिल जाएगा। इसके बाद स्वाहेड़ी में भी बाईपास बनना है।
स्वाहेड़ी के बाद किरतपुर में और नजीबाबाद में बाईपास बनाया जाएगा। इन चार बाईपास की मदद से कोटद्वार जाने वाले वाहन बिना जाम में फंसे कम समय में अपना सफर तय कर सकेंगे। यदि आगे की बात करें तो एक बाईपास कोटद्वार में भी बनाया जाना है।
मेरठ से कोटद्वार तक चार जगह देना होगा टोल
एनएच -119 पर 100 की स्पीड से दौड़ने के साथ ही वाहन चालकों को जेब भी ढीली करनी पड़ेगी। मेरठ से कोटद्वार के बीच चार टोल बनाए जाने हैं। एनएचएआई अफसरों के मुताबिक पहला टोल मेरठ-बहसूमा के बीच बनाया जाएगा। दूसरा टोल बहसूमा से बिजनौर के बीच बनाया जाएगा, जो बैराज के आसपास हो सकता है। इसके अलावा बिजनौर से नजीबाबाद और नजीबाबाद से कोटद्वार के बीच एक-एक टोल बनाया जाएगा।
बिजनौर से नजीबाबाद के बीच चार बाईपास बनने हैं। कुछ जगहों पर जमीन और कुछ जगहों पर एनओसी मिलने के मामले हैं। शीघ्र ही इसकी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मेरठ से बिजनौर के बीच और बिजनौर से नजीबाबाद के बीच दो जगहों पर काम शुरू हो चुका है। मेरठ से कोटद्वार तक चार टोल अभी प्रस्तावित हैं, इनकी जगह भी शीघ्र चिह्नित कर ली जाएगी - दिनेशचंद्र चतुर्वेदी, पीडी, एनएच 119