पूर्व महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने नगर निगम के अधिकारियों की शिकायत मंत्री से की। सर्किट हाउस में उन्होंने बताया कि अधिकारी गलत बिल भेजकर अवैध वसूली करते हैं। शहर में हर घर से कूड़ा तक नहीं लिया जा रहा है। हाउस टैक्स लगवाने के नाम पर पांच हजार से 25 हजार रुपये की वसूली की जा रही है।
पार्षदों ने गिनाई नाली खड़ंजों की समस्या
शहर में नाली, खड़ंजे, सीवर, नाला सफाई और पेयजल आदि समस्याओं को लेकर पार्षद अंशुल गुप्ता, जितेंद्र पाहवा, अकरम शाह, संजय सैनी, डिंपल चौधरी, अंशुल गुप्ता, गुलबीर सिंह आदि ने नगर विकास मंत्री को विकास कार्यों के लिए ज्ञापन सौंपे।
छोटे-छोटे एसटीपी बनाकर नालों के गंदे पानी को करें साफ : टंडन
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने नगर निगम अधिकारियों को काली नदी पर नमामि गंगे योजना के तहत प्रस्तावित 200 एमएलडी क्षमता वाले सीवर ट्रीटमेंट प्लांट को भूलने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि वह छोटे-छोटे एसटीपी बनाकर नालों के गंदे पानी को साफ करने का काम करें। शहर से डेयरियों को बाहर करने की कार्य योजना तैयार करने के साथ ही बरसात के बाद शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। लापरवाही करने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी।
नगर विकास मंत्री ने गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे योजना के तहत बनने वाले एसटीपी पर अधिक खर्च आएगा। नगर विकास मंत्री ने शहर के नाले, सीवर और सड़क सफाई पर असंतोष जताया। नगर आयुक्त ने घर-घर से कूड़ा कलेक्शन और कूड़ा निस्तारण के संबंध में जानकारी दी। नगर विकास मंत्री कहा कि शहर में गदंगी की कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में कम रैंकिंग पर नगर निगम अधिकारियों की बोलती बंद कर दी। साथ ही लोहिया नगर में लगे कूड़े के पहाड़ों को दो साल के भीतर खत्म कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने मंत्री के समक्ष इंटीग्रेटेड प्लांट लगाए जाने का भी प्रस्ताव रखा, जिस पर उन्होंने शीघ्र निर्णय दिए जाने का आश्वासन दिया।
शहर से बाहर निकालें डेयरी
नगर विकास मंत्री ने कहा कि शहर में संचालित सभी डेयरियों के गोबर से नाले और सीवर लाइन चोक हैं। यह शिकायतें लखनऊ तक पहुंच रही हैं। सभी डेयरियों को शहर से बाहर किया जाए। उन्होंने कहा कि डेयरियों पर ठोस कार्रवाई के लिए कमिश्नर की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाए और कार्य योजना के तहत कार्रवाई कराई जाए।
खोदी सड़कों को ठीक करो, नहीं तो कार्रवाई होगी
जल निगम द्वारा खोदी गई महानगर की सड़कों को लेकर नगर विकास मंत्री ने नाराजगी जताई। चेतावनी दी कि अगर अगस्त में जल निगम ने अपनी खोदी गई सड़कों को नहीं बनाया तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इसके साथ साथ उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि वह बरसात के तुरंत बाद महानगर की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त कराएं।
खराब पथ प्रकाश व्यवस्था पर नाराज
नगर विकास मंत्री ने ईईएसएल कंपनी के कार्य की जानकारी ली। नगर आयुक्त ने कहा कि कंपनी लाइटों को समय से ठीक करने का काम नहीं कर रही है। जिसके कारण आए दिन शहर में अंधेरा छाया रहता है। इस पर मंत्री ने कहा कि कंपनी से जवाब तलब किया जाएगा। इसके साथ-साथ नगर विकास मंत्री ने शहर में छह स्थानों पर बनने वाली वेंडिंग जोन की प्रगति रिपोर्ट भी जानी।
छतरी वाले पीर से घंटाघर नाले को ढकने पर खर्च होंगे 30 करोड़
छतरी वाले पीर से घंटाघर-कोटला नाले को अंडरग्राउंड करने के लिए नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने 30 करोड़ का बजट शीघ्र देने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह बात न्यू मोहनपुरी स्थित भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी के आवास पर कही। उन्होंने कहा कि सरकार के सीमित संसाधन हैं। उन्हीं का प्रयोग किया जा रहा है। नाला ढकने का जो अन्य प्रोजेक्ट तैयार किया गया। उस पर भी काम किया जाएगा। बता दें कि लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने नाले का प्रस्ताव सपा सरकार के समय दिया था। जिसको अब भाजपा सरकार में हरी झंडी मिली है। इस दौरान लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने नगर विकास मंत्री को जनसमस्याओं का पुलिंदा सौंपा।
संयुक्त व्यापार संघ का प्रतिनिधिमंडल सर्किट हाउस में नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन से मिला। व्यापारियों ने शहर के विभिन्न समस्याओं को उठाया।
संयुक्त व्यापार संघ के संरक्षक विजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम के सामने स्थित टाउन हॉल के अंदर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की व्यापारियों की लंबित मांग को पूरा कर मेरठ को जाम से मुक्ति दिलाने का कार्य उचित निर्णय है। अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा नगर निगम द्वारा 383 दुकानों को किरायेदार बताकर बेदखली का नोटिस दिया है। जबकि 2012 में बोर्ड बैठक में शुल्क जमा कराकर नाम परिवर्तन का प्रस्ताव पास हुआ था। महामंत्री दलजीत सिंह ने कहा की नगर निगम की किराए की दुकानें जो खस्ताहाल हो चुकी हैं। राजीव गुप्ता काले, रजनीश कौशल, ललित गुप्ता, अंकित गुप्ता, अंकुर गोयल, संदीप रेवड़ी, आलोक रस्तोगी, अनुज वशिष्ठ, सुधांशु महाराज, धनंजय शर्मा आदि रहे।
कचहरी में पार्किंग बनाने की मांग
मेरठ बार एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष महावीर सिंह त्यागी और महामंत्री सचिन चौधरी के नेतृत्व में मंत्री से मिला। वकीलों ने कचहरी परिसर में पुलिस चौकी व सैनिक भवन के पीछे खाली पड़ी जमीन में बहुमंजिला पार्किंग बनाने की मांग की। नरेंद्र पाल सिंह, अजय त्यागी, सतीश चंद गुप्ता, उदयवीर सिंह राणा व नरेश कुमार त्यागी मौजूद रहे। संवाद
स्वर्गीय विधायक के नाम पर सड़क निर्माण की मांग
खत्री समाज ने नगर विकास मंत्री का स्वागत किया। गिरीश मेहरा एडवोकेट ने स्वर्गीय विधायक मोहनलाल कपूर के नाम पर सड़क का नामकरण करने की मांग की। सर्किट हाउस में स्वागत समारोह में पंकज कक्कड़ एडवोकेट, राहुल कपूर, नितिन कपूर, वीके टंडन, अजय सेठ, उदित कपूर मौजूद रहे।
छोटे मंडपों के निर्माण की अनुमति दे शासन
मंडप एसोसिएशन ने मंत्री से छोटे मंडप की अनुमति देने की मांग की। अध्यक्ष विपुल सिंघल ने कहा की कोरोना काल में छोटे मंडपों की जरूरत महसूस हुई है। महामंत्री नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि मंडप, बैंक्वेट हॉल, टेंट हाउस को भी इंडस्ट्री की श्रेणी में रखा जाए। कामर्शियल का नक्शा मोहल्ले एवं कम चौड़ी सड़क पर भी पास किए जाते हैं। धर्मशाला, कम्यूनिटी हॉल आदि भी इसी प्रकार पास किए जाते हैं। मंडपों के मानचित्र पास होने के मानक विभिन्न वर्ग के हिसाब से होने आवश्यक हैं। मंडप के मानचित्र पास कराने में क्षेत्रफल की पाबंदी हटाकर स्वीकृत कराने की व्यवस्था करें।