मेरठ में हेड कांस्टेबल के बेटे ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
- फोटो : amar ujala
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि पल्लवपुरम क्षेत्र की एकता नगर कॉलोनी के रहने वाले आकाश शर्मा (25 वर्ष) पुत्र विनय शर्मा ने सोमवार देर रात तमंचे से खुद को गोली मारकर मौत के घाट उतार लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ये है सुसाइड की वजह
बताया गया कि परिवार के लोग शराब पीने का विरोध कर रहे थे, इसी बात से क्षुब्ध होकर युवक ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। आकाश के पिता विनय शर्मा यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं। उनकी तैनाती बरेली डीआईजी कैंप कार्यालय में हैं। परिवार एकता नगर में ही रह रहा है। हेड कांस्टेबल का बेटा आकाश कुमार सोमवार देर रात शराब पीकर घर लौटा। परिजनों ने विरोध किया तो आकाश को यह बात बुरी लगी। रात में आकाश ने कमरे में जाकर तमंचे से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद खून से लथपथ युवक जमीन पर गिर पड़ा।
वहीं गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर कमरे की तरफ पहुंचे। परिजननों ने तुरंत आकाश को मोदीपुरम के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश की मौत के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पल्लवपुरम थाना प्रभारी देवेश शर्मा का कहना है कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस जांच में पता चला है कि आकाश दोस्तों के साथ शराब पीकर नशे में घर लौटा था। परिवार के लोग आकाश से दोस्तों के साथ छोड़ने का दबाव बना रहे थे।