मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र में मंगलवार को एक हादसा हो गया। यहां गंगा में नहाते समय एक युवक डूब गया। वहीं मामले की सूचना पर परिजन और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस युवक की तलाश में जुटी है।
लावड़ क्षेत्र के गांव देदवा थाना इंचौली निवासी 18 वर्षीय रवि पुत्र मंगते मंगलवार को अपने कुछ दोस्तों के साथ गंगा में नहाने के लिए भीमकुंड गंगा घाट पर गया था। यहां पर गंगा में नहाते वक्त अचानक उसका पैर गहरे पानी में चला गया और गंगा का जलस्तर भी अत्यधिक होने के कारण वह अपना नियंत्रण खो बैठा। जिस कारण वह गंगा में डूब गया। रवि को गंगा में डूबता देख उसके दोस्त डर के कारण सहम गए।
इसके बाद उन्होंने गांव में पहुंचकर परिजनों को रवि के डूबने की सूचना दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं मामले की सूचना थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजन युवक की तलाश में गंगा किनारे पहुंच गए हैं।
थाना प्रभारी के अनुसार गंगा में डूबे युवक की तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया जा रहा है। जल्द ही गोताखोर मौके पर पहुंचकर गंगा में डूबे युवक की तलाश करेंगे।