इस दौरान सभी सदस्यों ने चीनी मिल क्षेत्रों के भूगर्भ जल खराब होने के कारण फैली कैंसर जैसी बीमारी पर अंकुश ने लगाए जाने और सीएमओ द्वारा जांच समिति गठित ने किए जाने पर नाराजगी जताई। वहीं, सभी ने एकजुट होकर सीएमओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया। अनिकेत भारद्वाज ने जिला पंचायत अधिकारियों से देहात में विकसित हो रही कॉलोनियों के मानचित्र और नोटिस की कार्रवाई का रिकॉर्ड मांगा। साथ ही कहा कि कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से देहात में अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं, जिसके कारण जिला पंचायत विभाग को राजस्व की हानि हो रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
सरधना विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से ट्यूबेल का बिल माफ करने का वादा किया था, जिसको अभी तक पूरा नहीं किया गया है। देहात के गांवों में 11 हजार की लाइन गुजर रही है, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। अतुल प्रधान ने कहा कि शहर में ट्रिपल इंजन की सरकार है, इसके बावजूद भी पूरा शहर टापू बना हुआ है। उन्होंने मुचंडी मैदान में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा लगाए जाने के प्रस्ताव पर अमल करने की मांग रखी।
राज्य मंत्री डॉक्टर सोमेंद्र तोमर ने कहा कि 2017 के बाद से ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव हुआ है। एक समय था कि जब उत्तर प्रदेश के कई इलाकों को बिजली नहीं मिलती थी। इस नीति में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आमूल-चूल परिवर्तन किए हैं। उन्होंने कहा कि इस समय उत्तर प्रदेश में बिजली की खपत बढ़ रही है, जिसको देखते हुए 28000 मेगावाट से अधिक की बिजली आपूर्ति पर काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि मार्च 2024 तक जहां विद्युत क्षमता वृद्धि हो जाएगी और तारबंदी की जाएगी। साथ ही कहा कि किसानों से किए गए वादे भी पूरे होंगे। मंत्री ने कहा कि किसानों के ट्यूबेल बिल माफ की जाने की फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय में है, जहां से शीघ्र ही निर्णय होने वाला है। जिला पंचायत सदस्यों ने रैपिड रेल के सभी स्टेशनों के नाम पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, डॉक्टर अंबेडकर, डॉक्टर अब्दुल कलाम आजाद और क्रांति गिरोह के नाम से रखने का प्रस्ताव रखा।