मेरठ जनपद में सरूरपुर के कस्बा करनावल में कई दिनों से दंपती के बीच चले आ रहे विवाद के बीच विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। विवाहिता को फांसी के फंदे पर लटका देख परिजनों में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
विज्ञापन
करनावल निवासी मोनू पुत्र धर्मवीर का अपनी पत्नी आरती से कई दिनों से विवाद चल रहा था। तीन दिन पूर्व दोनों शिकायत करने थाने पहुंचे थे। दरोगा ने हड़काकर उन्हें भगा दिया था। थाने से आने के बाद से महिला अवसाद में चल रही थी। मंगलवार शाम आरती ने कमरे का दरवाजा बंदकर अंदर फांसी लगा ली। परिजनों ने देखा तो वह फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया।
उधर, चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर जुट गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। अभी इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक समर बहादुर सिंह का कहना है कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।