मेरठ में योगेश भदौड़ा के नाम से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले बदमाश कुख्यात दीपक सिद्धू गैंग के निकले। इससे पहले भी वह रंगदारी और लूट की वारदात कर चुके हैं। पुलिस ने चार आरोपी योगेश उर्फ मोगली, सोनू उर्फ सिकेरा निवासी छबड़िया सरधना, अमन निवासी आदर्श नगर सरधना और कुलदीप निवासी टांडा मीरनगर मानपुर बहेडी बरेली को किया है। आरोपियों से एक तमंचा और प्रयुक्त मोबाइल बरामद किय गया है।
मंगलवार को प्रेसवार्ता में एसपी देहात केशव कुमार और सीओ सरधना आरपी शाही ने यह खुलासा किया। उन्होंने बताया कि सरधना के छबड़िया गांव में आटा मिल मालिक से बदमाशों से जेल में बंद कुख्यात योगेश भदौड़ा के नाम से 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। छानबीन के बाद सोमवार रात पुलिस ने छबड़िया में घेराबंदी की और इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: मायके में रह रही महिला को संदिग्ध परिस्थिति में गोली लगी, घायल
एसपी देहात ने बताया कि मुख्य आरोपी योगेश उर्फ मोगली शातिर अपराधी रहे दीपक सिद्धू गैंग से जुड़ा हुआ है। दीपक की एनकाउंटर में मौत हो चुकी है, लेकिन उसका गैंग सक्रिय है। इस गैंग का एक आरोपी शांतनु निवासी छबड़िया फरार है।
रुद्रप्रयाग के युवक से कराई थी कॉल
पुलिस के मुताबिक बदमाशों ने उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग के एक युवक से कॉल कराई थी ताकि आवाज पहचान में न आए। जिस मोबाइल नंबर से धमकी मिली थी, वह भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि इस गैंग ने 2020 में रंगदारी और 2021 में लूट की वारदात की थी। लूट के मामले में बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे।