मेरठ में नगर निगम के प्रथम बोर्ड के पार्षद रहे अनिल रस्तोगी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। बताया जा रहा है कि पूर्व पार्षद अनिल रस्तोगी कुछ समय से शुगर की बीमारी से ग्रसित थे। वहीं शुक्रवार रात में अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और निकट के लोकप्रिय अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया।
शुक्रवार रात में ही अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई और फूल बाग कॉलोनी गली नंबर-5 निजी आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। शनिवार को उन की शव यात्रा फूल बाग कॉलोनी से बृजघाट पहुंची। उनके बेटे कृष्णा रस्तोगी ने मुखाग्नि दी।
यह भी पढ़ें: तीन जिंदगियां खत्म: खून से लथपथ थी शीबा की लाश, तार से बंधे शरीर पर थे कैंची के कई वार, 'खूनी-हथौड़ा' देख सिहर उठे लोग
वह अपने पीछे पत्नी दामिनी, बेटा कृष्णा और दो बेटियों को छोड़कर गए हैं। अनिल रस्तोगी पहली बार भाजपा के चुनाव चिन्ह पर जीतकर नगर निगम पहुंचे थे। वह भाजपा के महानगर अध्यक्ष पद पर भी रहे। उन्होंने शहर विधानसभा सीट से एक बार शिवसेना के सिंबल पर भी विधायक का चुनाव लड़ा, लेकिन वह हार गए थे।
यह भी पढ़ें: सीएम योगी का आदेश नहीं मानते ये अफसर: अमर उजाला के कैमरे में कैद हुईं खाली कुर्सियां, सबूत हैं 20 तस्वीरें
इनका खंडक बाजार में टेक्सटाइल का कारोबार है, जिसको अब इनके बेटे कृष्णा रस्तोगी संभाल रहे हैं। शनिवार को इन की शव यात्रा में शामिल होने के लिए सांसद राजेंद्र अग्रवाल, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, भाजपा नेता डॉ. चरण सिंह, पूर्व पार्षद मनोज वर्मा, खंडक बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन अरोड़ा सहित काफी संख्या में लोग शामिल रहे।