मेरठ में अवैध मिट्टी खनन को लेकर अमर उजाला माई सिटी में सोमवार को प्रकाशित खबर पर जिलाधिकारी ने जांच बैठा दी है। जिसमें सभी 28 स्थानों पर हो रहे मिट्टी खनन की 24 घंटे में जाकर रिपोर्ट देने का निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया है।
अमर उजाला के माई सिटी में सोमवार के अंक में ‘28 जगहों पर साठगांठ से अवैध मिट्टी खनन’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित हुआ था। वहीं अमर उजाला की वेबसाइट पर भी इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया गया।
यह भी पढ़ें: रात होते ही यहां घनघनाने लगती हैं जेसीबी, दौड़ते हैं डंफर दनादन, साठगांठ से हो रहा अवैध मिट्टी खनन
इसके बाद सोमवार को ही इस पर जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने समाचार पत्र की कटिंग के साथ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, मवाना, सरधना और सदर तहसील के एसडीएम और जिला खनन अधिकारी को इस पूरे मामले की स्थलीय जांच के आदेश दिए हैं। पूरे मामले पर 24 सितंबर, मंगलवार तक जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।
खनन माफिया में मचा हड़कंप
माई सिटी में समाचार प्रकाशित होते ही खनन माफिया में हड़कंप मच गया है। शहरी क्षेत्र की सीमा के आसपास सोमवार रात मिट्टी से भरे डंफर दौड़ते नजर नहीं आए। वहीं रात में भी अधिकांश जगहों पर खनन बंद रहा। सूत्रों के अनुसार सभी को प्रशासन की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।