मेरठ में मंगलवार दोपहर एक साड़ी शोरूम में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने से पूरे बाजार में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर थानापुलिस व दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सदर बाजार क्षेत्र में साड़ी के शोरूम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर बाद दमकल विभाग की गाड़ियां भी घटनास्थल पहुंची। फायर अफसर संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल की टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के चलते शोरूम के दोनों तरफ के रास्ते का यातायात रोक दिया गया था।
काफी देर तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। आग पर काबू पाए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू पाया ना जाता तो आग आसपास की अन्य दुकानों को भी चपेट में ले सकती थी।