कार में की तोड़फोड़, घर में घुसकर किया हमला
मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शिवाजी पार्क के पास में रविवार रात एक युवक की कार में तोड़फोड़ की गई और फिर उसके घर में घुसकर हमला किया गया। यहां दूसरी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। युवक के पिता की ओर से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नई मोहनपुरी निवासी सुधीर गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि रविवार रात 11 बजे उनका पुत्र रौनक गुप्ता कार से घर लौट रहा था।
शिवाजी पार्क के पास प्रभात नगर निवासी रिक्की वालिया ने अपनी गाड़ी उसकी कार के आगे लगा दी और उसे रोक लिया। रिक्की की गाड़ी में दो अज्ञात युवक भी थे। आरोप है कि इन लोगों ने लोहे की रॉड से रौनक पर हमला कर दिया। गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। किसी तरह जान बचाकर रौनक घर पहुंचा।
आरोपी पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए और घर में घुसकर हमला कर दिया। यहां रौनक के भाई मधुर गुप्ता की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। जान से मारने की धमकी देकर आरोपी फरार हो गए। थाना प्रभारी का कहना है कि जांच कराकर कार्रवाई की जा रही है।
परतापुर थाना क्षेत्र में दंपती ने एसएसपी से शिकायत कर मोदीनगर निवासी युवक पर होम लोन दिलाने के नाम पर 5.40 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया। दंपती का कहना है कि अब आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।
सोमवार को परतापुर के घाट गांव के निवासी रविंद्र पत्नी वर्षा के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचे। रविंद्र ने बताया कि उसके गांव के रहने वाले एक व्यक्ति ने उसकी मुलाकात मोदीनगर के मोहित से कराई थी। कुछ समय बाद मोहित उसके घर पर आया और बैंक से होम लोन दिलाने के नाम पर उससे आधार कार्ड और अन्य कागजात मांगे। वह आठ चेक भी ले गया। लोन फीस के रूप में भी 40 हजार रुपये ले लिए।
आरोप है कि एक चेक से आरोपी ने 5.40 लाख रुपये की रकम निकाल ली। इसकी जानकारी पर जब उन्होंने शिकायत की धमकी दी तो आरोपी ने 40-40 हजार की रकम दो बार उनके खाते में ट्रांसफर कर दी। अब वह रकम देने से इन्कार कर रहा है। जान से मारने की धमकी दी जा रही है। वहीं, एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए।
गगोल मेले में पुलिस ने मनचलों को दौड़ाया
छठ पूजा के दौरान गगोल तीर्थ पर लगे मेले में रविवार रात कुछ युवकों ने कई महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। बताया जा रहा है कि यह सभी शराब के नशे में थे। महिलाओं ने शिकायत की तो परतापुर पुलिस ने मनचलों को दौड़ा लिया। थाना प्रभारी जयकरण सिंह ने बताया कि शराब के नशे में कुछ युवक पहुंच गए थे। पुलिस पहुंची तो वे भाग निकले।
मकान मालिक पर दुष्कर्म का आरोप
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र की महिला ने अपने मकान मालिक पर दुष्कर्म और ठगी का आरोप लगाते हुए एसएसपी ऑफिस पर प्रार्थना पत्र दिया। महिला ने बताया कि उसका पति एक मुकदमे में जेल में बंद है। मकान मालिक ने उसके पति की जमानत कराने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
महिला को घर से निकाला
किठौर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने पति और ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाकर एसएसपी ऑफिस पहुंचकर शिकायत की। बच्चे को लेकर पहुंची महिला ने बताया कि उसकी शादी हापुड़ निवासी साजिद के साथ हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। उसके पिता ने शादी के समय उसे एक 50 गज का मकान दिया था। साजिद ने यह मकान अपने नाम कराने के बाद उसे घर से निकाल दिया है। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई करने के लिए कहा।
दो बाइकों की टक्कर से एक युवक घायल
लोहियानगर थाना क्षेत्र में सोमवार को दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार घोसीपुरा निवासी आफाक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों बाइक कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। लोहियानगर थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
नंगला शेखू में महिला की मौत, पति पर हत्या का आरोप
इंचौली थाना क्षेत्र के नंगला शेखू गांव में महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष के लोग पति और उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। इंचौली थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। प्राथमिक जांच में महिला के आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है।
बागपत के दोघट थाना क्षेत्र के बामनौली गांव निवासी रीना(48) की शादी 25 वर्ष पहले इंचौली थाना क्षेत्र के नंगलाशेखू निवासी रविंद्र पुत्र सुकेंद्र के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक रीना की तीन बेटियां हैं। इन्हें लेकर पति से विवाद रहता था। मायके पक्ष के राजीव के मुताबिक रविवार को रीना के नंबर पर कॉल किया था, लेकिन फोन बंद मिला। शक होने पर परिजन नंगलाशेखू गांव पहुंचे। आरोप है कि रीना का शव घर में पड़ा था। आरोप लगाया कि रीना की हत्या की गई है।
परिजनों ने पति रविंद्र, उसके भाई हरेंद्र के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, इंचौली थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार के मुताबिक पूछताछ में जानकारी मिली कि घर में मां और बेटियों के बीच काम को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद महिला ने आत्महत्या कर ली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विश्लेषण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।