वृद्ध के लापता होने पर दी तहरीर
सरधना में थाना क्षेत्र के गांव मुल्हेड़ा निवासी पंडित ओमदत्त शर्मा (72) बुधवार की सुबह अचानक लापता हो गए। शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने आसपास के कई स्थानों पर तलाश किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। परिजन वृद्ध की तलाश करने में जुटे हैं। जिसके बाद परिजनों ने तहरीर देकर पुलिस को वृद्ध के लापता होने की जानकारी दी। पुलिस ने कार्रवाई की मांग कर बरामदगी की गुहार लगाई।
मंडप के बाहर खड़ी बाइक चोरी
मेरठ में लोहिया नगर थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड स्थित शादी समारोह मंडप में आए व्यक्ति की बाइक चोरी हो गई। चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन शुरू कर दी। कांच का पुल अहमदनगर गली नंबर 5 निवासी नौशाद ने बताया कि वह बृहस्पतिवार को हापुड़ रोड स्थित एक शादी मंडप में दावत में गया था और बाइक बाहर खड़ी की थी। वापस आने पर बाइक गायब मिली। इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी खुल रही पैथोलॉजी लैब
सरधना नगर में बिना मान्यता के पैथोलॉजी लैब संचालित होने की शिकायत थी। सीएमओ से शिकायत के बाद सीएचसी प्रभारी डाॅ. संदीप गौतम ने बीती सात नवंबर को लश्कर गंज बाजार स्थित लवकुश व हेल्थ केसर पैथोलॉजी लैब पर छापा मारते हुए जांच पड़ताल की थी। सीएचसी प्रभारी ने लैब संचालक योगेश व जाहिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप गौतम का कहना है कि दस्तावेज नहीं दिखाने पर लैब संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराया था। फिर से लैब संचालित होने की जानकारी नहीं है। शुक्रवार को टीम भेज कर जांच कराई जाएगी।