फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ क्राइम रिपोर्ट: शिक्षक को फंसाने के मामले में परिजनों ने साक्ष्य दिए, फंदे पर लटकी मिली महिला

Sun, 01 Oct 2023 01:19 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

खरखौदा में बाइक में तमंचा रखकर शिक्षक को फंसाने के मामले में पीड़ित पक्ष ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय में साक्ष्य दिए। फैक्टरी से एक करोड़ के टायर चोरी मामले में शनिवार को सोतीगंज में कबाड़ी के मकान पर दबिश दी। पढ़ें अपराध की बड़ी खबरें।
विज्ञापन
बाइक में तमंचा रखता सिपाही - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

खरखौदा में बाइक में तमंचा रखकर शिक्षक को फंसाने के मामले में पीड़ित पक्ष ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय में साक्ष्य दिए। इस दौरान शिक्षक के खिलाफ दर्ज मुकदमा खत्म करने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की। उधर, खरखौदा पुलिस की कार्रवाई पर कई संगठनों ने रोष जताया है। मुख्यमंत्री से आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विज्ञापन

कई संगठनों ने कार्रवाई को गलत बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
खंदावली निवासी शिक्षक अंकित शर्मा को आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार कर खरखौदा पुलिस मंगलवार रात गिरफ्तार कर थाने ले गई थी। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। यह प्रकरण सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था। अंकित के परिजनों ने आरोप लगाया था कि पुलिसकर्मी ने खुद बाइक में तमंचा रखकर अंकित को मामले में फंसाया है। इसका वीडियो एसएसपी को दिया था। एसएसपी ने सिपाही दिनेश और संतोष को लाइन हाजिर कर मामले की जांच एसपी देहात को सौंपी थी। एसपी देहात ने अंकित के परिजनों ने पूरी फुटेज व अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराने के लिए कहा था। शनिवार को अंकित के परिजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसपी देहात के न मिलने पर एसएसपी कार्यालय में फुटेज समेत अन्य साक्ष्य दिए। उधर, खरखौदा पुलिस के कार्रवाई से राष्ट्रवादी जनसत्ता दल के जिलाध्यक्ष विपुल त्यागी ने पीड़ित परिवार से मिलकर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने का आश्वासन दिया है। 

उन्होंने कहा कि पुलिस के इस तरह के कृत्य रोज सामने आते हैं। पुलिस समाज के युवाओं को अपराधी बनने पर मजबूर कर रही है। इस मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं त्यागी भूमिहार संयुक्त महासभा ने भी खरखौदा पुलिस द्वारा अंकित त्यागी को झूठे मुकदमे में फंसने पर रोष जताया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभी दोषी पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
विज्ञापन

एक करोड़ के टायर चोरी मामले में सोतीगंज का कबाड़ी हिरासत में
गाजियाबाद के कौशाम्बी थाने की पुलिस ने फैक्टरी से एक करोड़ के टायर चोरी मामले में शनिवार को सोतीगंज में कबाड़ी के मकान पर दबिश दी। आरोपी के नहीं मिलने पर पुलिस उसके पिता को हिरासत में लेकर चली गई। टीम ने देहलीगेट क्षेत्र के पटेल नगर में भी दबिश दी।

गाजियाबाद कौशाम्बी में एक महीने पहले एक नामचीन कंपनी की फैक्टरी से एक करोड़ रुपये के टायर चोरी हो गए थे। इस मामले में कौशाम्बी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शनिवार को कौशाम्बी पुलिस ने सदर बाजार पुलिस के साथ सोतीगंज में कबाड़ी आबिद के मकान पर दबिश दी। आरोपी के वहां नहीं मिलने पर पुलिस ने उसके पिता इश्तियाक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद घर की महिलाओं ने हंगामा खड़ा कर दिया लेकिन टीम इश्तियाक को गाजियाबाद लेकर रवाना हो गई। सदर बाजार एसओ शशांक द्विवेदी का कहना है कि टायर चोरी मामले में गाजियाबाद पुलिस टीम एक कबाड़ी को अपने साथ ले गई है। वहीं मामले की जांच कर रही है। 

पुलिस ने चोरी के माल सहित पांच दबोचे
कंकरखेड़ा पुलिस ने गश्त के दौरान चोरी के माल के साथ चोरी करने वाले एक गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सब एरिया क्वार्टर के पास आरोपी पकड़े। वाहन में 15 क्विंटल लोहे का सामान मिला। पूछने पर बताया कि उन्होंने फाजलपुर रोड से चोरी किया था। आरोपियों में रिजवान, तालिब, आजाद उर्फ तरु निवासी लाल मोहम्मदपुर, सलमान ग्राम घसौली व वसीम निवासी समर गार्डन थाना लिसाड़ी गेट के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

छेड़छाड़ के आरोपी जेल भेजे : देहली गेट पुलिस ने छेड़छाड़ व पाॅक्सो एक्ट के मुकदमे में वांछित पूर्वा फैय्याज अली निवासी अजीम और कैफ को कबाड़ी बाजार चौराहे से गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। 

गोकश के पैर में गोली लगी
पुलिस की बजौट रोड पर गोतस्कर से मुठभेड़ हो गई। इसमें पैर में गोली लगने से आरोपी शादाब उर्फ चपड़ी सरूरपुर हर्रा हाल घायल हो गया। उसके पास से 16 किग्रा मांस बरामद किया गया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 
 

मेडिकल स्टोर संचालक को पीटा
श्यामनगर में मेडिकल स्टोर के गल्ले से रुपए निकल रहे बच्चे को डांटना मेडिकल स्टोर संचालक को भारी पड़ गया। पड़ोसी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गया। मेडिकल स्टोर संचालक श्यामनगर निवासी मजहर है। गली का एक बच्चा स्टोर के गल्ले से रुपए निकालने लगा। उसने उसे धमका दिया। इसके बाद पड़ोसी आबिद ने अपने भाइयों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट कर दी। 

ब्यूटी पार्लर संचालक को गोली मारी, सीएचसी में भर्ती कराया
ब्यूटी पार्लर संचालक प्रदीप कुमार को बाइक सवार तीन युवकों ने शनिवार दोपहर महमूदपुर सिखेड़ा मार्ग स्थित साधन सहकारी समिति के पास गोली मार दी और फरार हो गए। पिता ने तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। 

गांव महमूदपुर सिखेड़ा निवासी प्रदीप कुमार उर्फ लालू (25) मवाना में ब्यूटी पार्लर संचालक है। शनिवार दोपहर को प्रदीप ई-रिक्शा से गांव से बहसूमा आ रहा था। महमूदपुर सिखेड़ा मार्ग पर स्थित साधन सहकारी समिति के पास बाइक सवार तीन युवकों ने तमंचे से फायरिंग कर दी। एक गोली हाथ को छूते हुए निकल गई जबकि दूसरी गोली कूल्हे में धस गई। गोली चलने से इलाके में दहशत फैल गई।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल प्रदीप को मवाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों में उसे मेरठ रेफर कर दिया।प्रदीप के पिता विजेंद्र ने तहरीर में बताया कि उसके पुत्र पर पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला किया है। वर्ष 2022 में हसापुर निवासी हिमांशु के खिलाफ कुकर्म, जान से मारने की धमकी के आरोप में मुकदमा दर्ज है। अब इस मुकदमे में गवाही नहीं देने की धमकी दी जा रही थी। 

हाईवे पर निर्वस्त्र अधिवक्ता ने किया हंगामा 
पल्लवपुरम में हाईवे पर निर्वस्त्र अवस्था में अधिवक्ता ने हंगामा कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पल्लवपुरम फेस-2 निवासी अधिवक्ता शनिवार शाम निर्वस्त्र अवस्था में हाईवे पर पहुंच गया। अधिवक्ता ने काफी देर हंगामा किया और राहगीरों को भी परेशान किया। इस दौरान किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो कुछ ही देर में वीडियो वायरल हो गया। बाद में अधिवक्ता के परिचित कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उसे समझा-बुझाकर घर भेजा। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व अधिवक्ता ने पत्नी के साथ भी मारपीट कर घर से निकाल दिया था। पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। 

दुकान से चेन चुराकर भाग रहा बदमाश दबोचा
मेरठ के भूतनाथ चौराहा स्थित दुकान से सोने की चेन चोरी कर भाग रहे युवक को सराफ ने पीछा कर हापुड़ चुंगी के पास दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।  शास्त्रीनगर एल ब्लॉक निवासी रविशंकर की भूतनाथ चौराहे पर सुनार की दुकान है। उनकी दुकान पर एक व्यक्ति सामान खरीदने आया और एक सोने की चेन चोरी कर ले गया। उन्होंने आरोपी का पीछा किया और अन्य लोगों की सहायता से उसे पकड़कर चेन बरामद कर ली। आरोपी ने अपना नाम इमरान पुत्र अजीज निवासी थाना स्याना बताया। इसके बाद आरोपी को लोहियानगर पुलिस के हवाले कर दिया। 

10 हजार का इनामी किया गिरफ्तार
फर्जी जमानतियों के माध्यम से जमानत कराकर पांच वर्ष पूर्व फरार हुए 10 हजार के इनामी चांद मोहम्मद को स्वाट टीम और भावनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर में केस दर्ज हैं। प्रभारी अतर सिंह ने बताया कि जेई पुलिया से चांद मोहम्मद उर्फ आसू पुत्र निवासी कनौजा थाना मुरादनगर, हाल पता अशोक विहार निकट मदीना मस्जिद थाना लोनी को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि आरोपी शातिर बदमाश है और पांच साल पहले फर्जी जमानतियों के माध्यम से जमानत कराकर और फर्जी पता लिखाकर फरार हो गया था। 
विज्ञापन

जिला कारागार का निरीक्षण किया
शनिवार को जिला न्यायाधीश रजत सिंह जैन, डीएम दीपक मीणा, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने जिला कारागार, राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, नारी निकेतन लालकुर्ती, वैश्य अनाथालय व सूरजकुंड बाल गृह का निरीक्षण किया। जिला कारागार में भोजनालय, स्टॉक रजिस्टर, मुलाकाती रजिस्टर, हेल्थ रजिस्टर, शिशु एवं महिला पाठशाला का निरीक्षण किया। राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में किशोरों से परिजनों की मुलाकात और बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने को आदेश दिए। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, जेल अधीक्षक जिला कारागार शशिकांत मिश्र आदि मौजूद रहे। 

31 लाख से ज्यादा हड़पे, पांच पर रिपोर्ट
शादी के डेढ़ वर्ष में ही विवाहिता से पति और ससुरालियों ने 31 लाख से ज्यादा रुपये हड़प लिए और शादी में दी गई कार भी बेच दी। पति ने पत्नी के नाम से चार जगह से पर्सनल लोन भी ले लिया। लाखों के जेवरात भी कब्जे में ले लिए। विवाहिता ने पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। लालकुर्ती के मैदा मोहल्ला निवासी दिव्या गोयल पुत्री सुनील कुमार गोयल की शादी 30 जनवरी 2022 को हुड्डा कॉलोनी गुरुग्राम निवासी अभिनव बंसल से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति ने उसके मोबाइल का सारा डाटा अपने लैपटॉप में ले लिया। उसे नया फोन खरीदकर दे दिया। इसके बाद उसके खातों से कई बार में रुपये निकाले। 

आज दिल्ली जाएंगे विवि कर्मी
पुरानी पेंशन नीति बहाली की मांग को लेकर आज दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘पेंशन शंखनाद महारैली’ होगी। इसमें शामिल होने के लिए सीसीएसयू से दो बड़ी बस और 10 कारों से कर्मचारी रवाना होंगे। जिला संयोजक मुनिराज सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय तोमर व जिला महामंत्री आदेश कुमार ने बताया कि अटेवा-पेंशन बचाओ मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सबसे बड़ा आंदोलन होने जा रहा है। शनिवार को जिले के पदाधिकारियों ने संपर्क करके ज्यादा से ज्यादा संख्या में महारैली में पहुंचने का आह्वान किया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें