दस साल से नहीं मिली हिस्ट्रीशीटर की जानकारी
कंकरखेड़ा थाने क्षेत्र का एक हिस्ट्रीशीटर पिछले 10 सालों से लापता चल रहा है। पुलिस ने दो दिन पूर्व बदमाश की दोबारा से हिस्ट्रीशीट खोली। पुलिस जांच के लिए हिस्ट्रीशीटर के घर पहुंची। जहां परिजनों ने पुलिस को हिस्ट्रीशीटर की मौत की जानकारी दी लेकिन मौत का पुख्ता सबूत नहीं दे पाए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सरधना रोड स्थित नंगलताशी निवासी मुक्की पुत्र खजान थाने का हिस्ट्रीशीटर है। लगभग 20 साल पूर्व एक मुकदमे में मुक्की हिस्ट्रीशीटर घोषित हुआ था। कुछ समय बाद आरोपी की हिस्ट्रीशीट बंद हो गई थी। मगर पुलिस ने कुछ दिन पहले आरोपी की बंद हिस्ट्रीशीट दोबारा से खोली और शुक्रवार को पुलिस आरोपी के घर पहुंची।
परिजनों ने बताया कि मुक्की की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर की मौत का प्रमाण मांगा, लेकिन परिजन आरोपी की मौत का कोई भी प्रमाण पुलिस को नहीं दिखा सके। थाना प्रभारी विष्णु कौशिक ने बताया कि आरोपी की हिस्ट्रीशीट दोबारा से खुल गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।