किसान मेले में इस बार पशु प्रदर्शनी का आयोजन हुआ है। प्रदर्शनी में इस बार दस करोड़ की कीमत का गोलू-2 और उसका बेटा नौ करोड़ का विधायक भी शामिल है। पंजाब के गांव सिरसा हस्सू निवासी जगतार सिंह का भैंसा अनमोल भी पशु प्रदर्शनी में पहुंचा। उसे देखने के लिए बड़ी भीड़ उमड़ी। अनमोल की क़ीमत 23 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
अनमोल को देखने के लिए भीड़ लगी रही।
- फोटो : अमर उजाला
पशु प्रदर्शनी को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ रही है। गोलू टू और विधायक के मालिक नरेंद्र सिंह ने कहा कि वे इस मेले को एक अवसर के रूप में देखते हैं। पशुपालकों के अलावा स्कूल कॉलेज के छात्र छात्राएं भी यहां पशुओं के साथ सेल्फी लेते हुए नजर आए।
साल में बिकता है 60 लाख का सीमन, इसलिए करोड़ों में है कीमत
गोलू-टू और विधायक भैंसे के मालिक नरेंद्र और अनमोल के मालिक जगतार सिंह का कहना है कि उनके भैंसे का प्रत्येक दिन का खर्च तीन से चार हजार रुपये है। सीमन से ही उनकी कीमत का आकलन किया जाता है। एक भैंसे से साल में 50-60 लाख रुपये का सीमन बेचा जाता है।