सपा के सरधना विधायक अतुल प्रधान का धरना अब बृहस्पतिवार से विक्टोरिया पार्क में होगा। उन्हें प्रशासन ने कलक्ट्रेट में धरना देने की अनुमति नहीं दी है। महंगी शिक्षा और निजी अस्पतालों में महंगे इलाज के विरोध में अतुल प्रधान धरना देंगे। इसके लिए वह पिछले करीब एक माह से तैयारी कर रहे हैं। गांव-गांव जाकर लोगों से इसके लिए समर्थन मांग रहे हैं।
बुधवार को कलक्ट्रेट में अतुल प्रधान ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि सरकारी अस्पतालों और सरकारी स्कूलों में बेहतर सुविधा नहीं हैं। लोग निजी अस्पताल में बीमारों और निजी स्कूल-कॉलेजों में अपने बच्चों को भेजते हैं तो मोटा खर्चा करना पड़ता है। वह व्यवस्था में सुधार चाहते हैं। उनकी लड़ाई न चिकित्सकों ने शिक्षकों से है। उनकी लड़ाई व्यवस्था से है। उनका घेरा डालो, डेरा डालो आंदोलन विक्टोरिया पार्क में होगा, जो लगातार जारी रहेगा। उन्हें कलक्ट्रेट में धरने की अनुमति नहीं मिली है। पिछले साल भी उन्होंने कलक्ट्रेट में आमरण अनशन किया था।
जिलाधिकारी बोले, एक दिन की दी है अनुमति
जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि सपा विधायक को एक दिन के लिए सांकेतिक तौर पर विक्टोरिया पार्क में धरने की अनुमति दी गई है। इसके बाद भी अगर वह धरना देते हैं तो खुद जिम्मेदार होंगे।
विधायक पर भी आप जिलाध्यक्ष की टिप्पणी
सपा विधायक अतुल प्रधान का नाम लिए बगैर आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर टिप्पणी की है। लिखा है कि जब सही नीयत के साथ जनता के बुनियादी मुद्दों पर आवाज उठाओगे तो प्रशासन को भी चुनौती दे पाओगे। जब विधायक का राजनीतिक स्वार्थ होगा तो प्रशासन भी साथ नहीं देगा। अंकुश चौधरी का कहना है कि समाजवादी पार्टी के विधायक का यह आंदोलन व्यक्तिगत राजनीतिक से प्रेरित है।