मेरठ में फलावदा थाना क्षेत्र में एक छात्रा को दो युवकों ने अगवा कर लिया। उसके बाद छात्रा को एक होटल में ले गए और वहां उससे सामूहिक दुष्कर्म किया गया। जब लड़की के घरवालों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो पुलिस ने उनका कोई बयान नहीं लिया और न ही लड़की का मेडिकल कराया।
मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्रा को रात के अंधेरे में दो युवकों ने अगवा कर लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस में शिकायत करने पर छात्रा और एक आरोपी युवक को सहारनपुर के टपरी स्टेशन के पास एक होटल से बरामद कर लिया गया। वहीं छात्रा के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने अभी तक पीड़िता का बयान भी नही लिया है और न ही कोई कार्रवाई की गई है। इसे लेकर पीड़िता के परिजनों में पुलिस के प्रति नाराजगी है। पीड़ित पक्ष के लोग सोमवार को एसएसपी से मिलने पहुंचे। यहां एसएसपी के न मिलने पर उन्हें मंगलवार को आने के लिए कहा गया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार फलावदा थानाक्षेत्र निवासी एक परिवार के अनुसार 30 अगस्त की रात में परिजन सोए हुए थे। सुबह उठे तो घर में बेटी नहीं थी। उन्होंने काफी तलाश किया लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
गांव के कुछ लोगों ने बताया कि कपिल और एक अन्य युवक बेटी को बहला-फुसलाकर ले गए थे। इस मामले में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने छात्रा और आरोपी कपिल को एक होटल से बरामद किया।
आरोप है कि छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बावजूद पुलिस ने न तो मेडिकल कराया और न ही उसके बयान दर्ज किए हैं। एक आरोपी अब तक फरार है। उसे भी नहीं पकड़ा गया है। पुलिस ने अभी तक कोई सख्त कार्रवाई नही की है। पीड़ित पक्ष के लोग आज फिर से एसएसपी से शिकायत करने पहुंचे हैं।