Meerut News : रिश्तेदार ने एक महिला के फोटो के साथ छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इससे पीड़ित महिला का समाज में काफी अपमान हुआ और पारिवारिक व सामाजिक संबंध खराब होने की कगार पर पहुंच गए। जिससे वह काफी दुखी है।
सोशल मीडिया सामाजिक तौर पर लोगों को जोड़ने के साथ ही उनकी जिंदगी बर्बाद करने का प्लेटफार्म भी बनता जा रहा है। इस प्लेटफार्म का उपयोग न करने वाले लोग भी इसका शिकार हो रहे हैं। मेरठ में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। एक करीबी रिश्तेदार ने एक महिला के फोटो के साथ छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
बहसूमा थाना क्षेत्र की एक सामान्य ग्रामीण महिला 5वीं कक्षा पास है। महिला ने अपने जीवन में कभी सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं किया। इसके बाद भी उसकी फर्जी आपत्तिजनक फोटो बनाकर किसी असामाजिक तत्व ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। जिस पर लगातार भद्दे और अश्लील कमेंट किए जा रहे हैं। महिला के अनुसार, इसके बाद उसका जीना मुश्किल हो गया है।
विज्ञापन
समाज में उसका काफी अपमान हुआ और पारिवारिक व सामाजिक संबंध खराब होने की कगार पर पहुंच गए। जिससे वह काफी दुखी है। पीड़िता का कहना है कि अब जीवन समाप्त करने के अलावा उसके पास कोई रास्ता नहीं बचा है। महिला ने थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी बहसूमा का कहना है कि आरोपी की पहचान हो गई है। वह महिला का रिश्तेदार है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सख्त कार्रवाई की जा रही है।