महात्मा विदुर के नाम से जाना जाएगा मेडिकल कॉलेज
बिजनौर। स्वाहेड़ी में बन रहा मेडिकल कॉलेज अब महात्मा विदुर के नाम से जाना जाएगा। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसकी घोषणा की। विदुरकुटी पर प्राच्य विद्या अध्ययन केंद्र बनाने का एलान किया। किसानों को जल्द गन्ना मूल्य बढ़ाने का आश्वासन दिया। करीब 25 मिनट के भाषण में योगी ने किसान, व्यापारी व आम जनता को साधा और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समर्थन मांगा।
मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच पर भाषण शुरू करते ही महात्मा विदुर की धरती को नमन किया। योगी ने कहा कि यह महाराजा दुष्यंत, भरत और महात्मा विदुर की भूमि है। मेडिकल कॉलेज का नाम महात्मा विदुर के नाम पर रखा गया है। विदुरकुटी पर भी प्राच्य विद्या अध्ययन केंद्र पर काम चल रहा है। सीएम योगी ने कहा कि गन्ना मूल्य बढ़ाने के लिए कमेटी बनाई जा चुकी है। शीघ्र ही गन्ना मूल्य बढ़ाने की घोषणा की जाएगी। योगी ने कहा कि हमारी सरकार जनता को समर्पित रही है, अब हम जनता से समर्पण मांग रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव ही प्रदेश का भविष्य तय करेंगे। पिछले चुनाव में हम नगीना में चूक गए थे, इस बार जीत का गणित पक्का करेंगे। सीएम ने जिला पंचायत चुनाव में जिपं अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख भाजपा के बनने पर खुशी जताई।
पहले दंगाई सम्मानित होते थे, आज जब्त होती है संपत्ति: योगी
बिजनौर। योगी ने कहा कि पूर्व की सरकारों के तुष्टीकरण की वजह से दंगे होते थे। मुजफ्फरनगर दंगा भी इसी कारण हुआ था। दंगाइयों को मुख्यमंत्री दरबार में सम्मानित किया जाता था। हिंदुओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते थे। सरकार के गुंडे-माफिया का कहर जनता पर टूटता था, लेकिन अब बहन-बेटियों की इज्जत और आस्था के साथ कोई खिलवाड़ करने की हिम्मत नहीं कर सकता है। अब दंगा करने, सरकारी व व्यापारियों की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर ऐसी कार्रवाई होगी कि भरपाई करते-करते उनकी सात पीढ़ी निकल जाएंगी।
अयोध्या में बनेगा भव्य राम मंदिर : सीएम योगी
बिजनौर। जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों में विकास केवल परिवारों तक सीमित रहता था। बेटियों से छेड़छाड़ होती थी और कांवड़ यात्रा तक पर रोक लगा दी जाती थी। जो लोग कहते थे, अयोध्या में कोई पर भी नहीं मार सकता है, वहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू करा दिया है। दुनिया का सबसे भव्य और दिव्य मंदिर अयोध्या में बनेगा और उसे कोई रोक नहीं सकता है। पहले महामारी आने पर बीमारी और भूख से मौत होती थी, लेकिन अब मुफ्त उपचार मिलता है और नि:शुल्क अनाज भी।
बिजनौर के ग्राम स्वाहेड़ी में मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित करते मुख- फोटो : BIJNOR