मेरठ नगर निगम और तहसील राजस्व विभाग की टीम बच्चा पार्क पर पहुंचकर नाले पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के लिए भूमि की पैमाइश शुरू की। यहां नाला पटरी पर बने 75 मकानों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें हटाया जाना है।
मेरठ में बच्चा पार्क चौराहा से जलीकोठी तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड का रास्ता साफ होता दिख रहा है। एलिवेटेड रोड निर्माण में आड़े आ रहे अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाएगा। शुक्रवार को नगर निगम, तहसील की संयुक्त टीम ने एलिवेटेड रोड के लिए भूमि की पैमाइश की, वहीं नाले की पटरी पर बने 75 मकानों को चिह्नित करके लाल निशान लगाए। पैमाइश के विरोध में स्थानीय लोगों ने विरोध भी किया। प्रशासन की इस कार्रवाई से सभी परिवारों में हलचल मच गई है।
विज्ञापन
स्मार्ट सिटी योजना में जिला प्रशासन ने बच्चा पार्क चौराहे से जलीकोठी तक नाले के ऊपर 700 मीटर लंबी और 9 मीटर चौड़ी एलिवेटेड रोड बनाने का निर्णय लिया है। कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह ने एलिवेटेड रोड बनाने की जिम्मेदारी सेतु निगम को सौंपी है। बच्चा पार्क नाले की 200 मीटर लंबी भूमि पर अवैध निर्माण हैं।
शुक्रवार को नगर निगम और तहसील राजस्व विभाग की टीम बच्चा पार्क पर पहुंची। नाले पर प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के लिए भूमि की पैमाइश शुरू की। पटेल नगर पुलिस चौकी से जलीकोठी चौराहे तक नाले की पटरी पर पक्के मकान हैं, जिन पर पैमाइश के दौरान लाल निशान लगाए गए। चिह्नित मकानों की संख्या 75 बताई गई है।
नगर निगम टीम से लेखपाल राजकुमार, कुंवरपाल, प्रवर्तन दल की टीम और सदर तहसील से लेखपाल नरेन्द्र वर्मा ने पैमाइश की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने टीम को खरीखोटी सुनाई। ये सभी मकान काफी पुराने हैं। लोगों ने पैमाइश करने वाली टीम को घेर लिया। मौके पर निगम का कोई अधिकारी मौजूद नहीं रहा। टीम ने बताया कि रिपोर्ट तैयार करके उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।