एमडीए लिपिक फरजाना के निलंबन की संस्तुति
मेरठ। एमडीए में लिपिक फरजाना के निलंबन की संस्तुति एमडीए सचिव चंद्रपाल तिवारी ने कर दी है। उन्होंने एक सप्ताह पहले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेकर समय सीमा में कार्य पूरा करने के आदेश दिए थे। सोमवार को एक बार फिर बैठक ली गई। इसमें जनसुनवाई सहित अन्य मामलों में लापरवाही बरतने पर फरजाना के निलंबन की संस्तुति की गई।
एमडीए सचिव चंद्रपाल तिवारी ने बताया कि कर्मचारी अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। इस तरह से कार्य करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। किसी भी जनता का कार्य अटकाया नहीं जाएगा। सभी कर्मचारियों की समय से कार्य कर जवाबदेही तय कर दी गई है। जिससे कोई फरियादी बार-बार अपनी समस्या लेकर न आए।
---
50 करोड़ में बनेगी तेजगढ़ी से हापुड़ रोड की स्मार्ट सड़क
मेरठ। हापुड़ अड्डे से तेजगढ़ी चौराहे तक बनाए जाने वाली तीन किमी की स्मार्ट सड़क के लिए डीपीआर फाइनल होने में अभी दो दिन लगेंगे। इसके लिए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग संयुक्त रुप से कार्य कर रहे हैं। राज्य स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत सड़क का चयन किया गया है। इस सड़क का बजट 50 करोड़ रुपये के पार जाएगा। सड़क के दोनों ओर 24-24 मीटर बनाकर छह लेन बनाने की तैयारी है।
बिजली विभाग की ओर से विद्युत पोल और लाइनें भूमिगत की जाएंगी। वहीं, नगर निगम पौधे सहित अन्य सौंदर्यीकरण के कार्य कराएगा। इस पर वॉकिंग पथ के साथ-साथ अन्य कार्य किए जाने की तैयारी है। मंगलवार तक जिलाधिकारी, नगरायुक्त, पीवीवीएनएल एमडीए, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के डीपीआर के हस्ताक्षर होने के बाद शासन को भेज दिया जाएगा। वहां केपीएमजी टीम शासन में प्रेजेंटेशन देगी। इसके बाद संस्तुति मिलने पर तीन किमी सड़क पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम कार्य शुरू करेगा।