जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने छत्तीसगढ़ और अलीगढ़ में हुई मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर गहरा दुख जताया। उन्होंने घटनाओं पर गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि संप्रदायवादियों ने लोगों के जहन में नफरत का जो जहर भरा है वो अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। अलीगढ़ और छत्तीसगढ़ की घटनाएं इसका प्रमाण हैं।
शनिवार को जारी बयान में मौलाना अरशद मदनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में देश के अधिकतर लोगों ने सांप्रदायिकता और नफरत की राजनीति को खारिज कर दिया है। लेकिन इसके बावजूद वर्षों से जो जहर संप्रदायवादियों ने लोगों के जहन में भरा है वे समाप्त नहीं हुआ है उसके परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में बदमाशों ने दरिंदगी और क्रूरता का प्रदर्शन करके मानवता के दामन को दागदार कर दिया है।
मौलाना मदनी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के कड़े निर्देश के बावजूद इस प्रकार की दुखद घटनाओं का सिलसिला रुक नहीं रहा है। जबकि 17 जुलाई 2018 को इस प्रकार की घटनाओं पर क्रोध व्यक्त करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा था कि कोई व्यक्ति कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता। अदालत ने केंद्र को अलग से कानून बनाने का निर्देश भी दिया था। अब भी इस प्रकार की अमानवीय घटनाओं के होने से साफ है कि जो लोग ऐसा कर रहे हैं, उन्हें कानून का कोई भय नहीं है।
मौलाना मदनी ने कहा कि भीड़ द्वारा हिंसा सामाजिक नहीं, एक राजनीतिक समस्या है और इसे राजनीतिक रुप से ही हल किया जा सकता है। इसलिए अब समय आ गया है कि स्वयं को धर्मनिरपेक्ष कहने वाले दल इसके खिलाफ खुलकर मैदान में आएं और भीड़ द्वारा हिंसा के खिलाफ कानून बनाने के लिए सरकार पर दबाव डालें। मौलाना मदनी ने मांग करते हुए कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि दूसरे लोग इससे सबक सीख सकें।
मौलाना अरशद मदनी से मिले मुजफ्फरनगर सांसद हरेंद्र मलिक
मुजफ्फरनगर से निर्वाचित हुए लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक ने जमीयत उलमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी से मुलाकात की। इस दौरान मलिक ने मौलाना मदनी का आभार जताया तो उन्होंने हरेंद्र मलिक को जीत के लिए बधाई दी।
शनिवार को सपा सांसद हरेंद्र मलिक समर्थकों के साथ मौलाना अरशद मदनी से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। मलिक ने मौलाना मदनी को गुलदस्ता और मिठाई भेंट करते हुए उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही उनका आभार जताया। मुलाकात के दौरान मौलाना मदनी ने हरेंद्र मलिक को जीत की बधाई दी। दोनों के बीच काफी देर तक वार्ता होती रही। बताया जा रहा है कि मौलाना अरशद मदनी ने मुल्क के हालात सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसमें आसिफ कुरैशी, जुनैद रऊफ, सलीम मलिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।