एक साथ कई मौत की सूचना से अस्पताल प्रशासन भी सकते में आ गया। तीमारदारों ने स्टाफ से नाराजगी जतानी शुरू कर दी। मरीजों की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। ऑक्सीजन खत्म होने का शोर मच गया। सूचना पाकर मेडिकल के अलावा नौचंदी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। देखते ही देखते लोगों का हुजूम लग गया।
अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू हो गई। कई थानों की फ़ोर्स मौजूद रही। बावजूद इसके लोगों ने तोड़फोड़ जारी रखी। कई और थानों की फ़ोर्स बुला ली गई। लोगों ने आरोप लगाया कि ऑक्सीजन की सप्लाई रुकने से हापुड़ निवासी पवन वर्मा (42), आरके पुरम निवासी अशोक गोयल (55) के अलावा मुरादाबाद निवासी एक महिला की मौत हुई है।
न्यूटीमा अस्पताल के एमडी डॉ. संदीप गर्ग का कहना है कि पांच लोगों की मौत हुई है। उनके परिजन ऑक्सीजन के अभाव के कारण मौत होना बता रहे हैं, जबकि ऐसा नहीं है। लोग अपनों को खोने का गम बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं और बेकाबू हो जा रहे हैं।
उधर, सीएमओ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कि छानबीन करने पर ऐसा नहीं लग रहा है। हालांकि अभी क्लीन चिट नहीं दी है। गहन जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। अस्पताल में ऑक्सीजन थी, बाधित हुई या नहीं हुई। यह जांच का विषय है।