उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक सिरफिरे युवक ने एकतरफा प्यार में युवती को उसके घर पहुंचकर गोली मारकर घायल कर दिया। इसके बाद युवक ने अपने घर जाकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार युवक ने एकतरफा प्यार के चलते ये खौफनाक कदम उठाया है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में नूरपुर थानाक्षेत्र में शनिवार सुबह एक युवक ने पहले युवती को गोली मारकर घायल कर दिया और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला एकतरफा प्यार का बताया गया है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार नूरपुर थानाक्षेत्र में हत्या के प्रयास और आत्महत्या की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया गया कि क्षेत्र के गांव ढीकली निवासी एक 38 वर्षीय युवक ने गांव की ही एक 22 वर्षीय युवती को उसके घर के सामने ही गोली मार दी। इससे युवती बुरी तरह घायल हो गई और उसने घर में घुसकर अपनी जान बचाई। घायल अवस्था में युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
एकतरफा प्यार में उठाया कदम
वहीं आरोपी युवक मौके से फरार होकर अपने घर पहुंच गया, जहां उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की।
बताया गया कि युवती के कंधे में गोली लगी है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस जांच पड़ताल में सामने आया है कि मामला एकतरफा प्यार का था, जिसे लेकर युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।