मेरठ में शनिवार सुबह एक युवक की रोडवेज बस की चपेट में आने से अचानक मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत डायल 100 को सड़क हादसे की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे को अंजाम देकर भाग रहे बस चालक को आगे पुलिस चौकी पर पकड़ लिया।
मेरठ से दिल्ली की ओर जा रही एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आज सुबह परतापुर थाना क्षेत्र के जेपी रोड पर सामने से आ रहे एक युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार रोडवेज बस का चालक हादसे के बाद फरार हो रहा था लेकिन स्थानीय लोगों ने उसका नंबर कंट्रोल रूम को नोट करा दिया जिसके बाद उसे परतापुर के मोहद्दीनपुर चेक पोस्ट पर पकड़ लिया। वहीं युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।