महाशिवरात्रि के लिए कांवड़ियों ने हरिद्वार के लिये कूच करना शुरू कर दिया है। इसके लिए मेरठ रोडवेज रीजन ने रात को भी बसों का इंतजाम किया है। दिन में जहां लगातार भोलों के लिए बस मिलेंगी, वहीं रात के लिये भी पांच बसों का इंतजाम किया गया है। अतिरिक्त बसों का इंतजाम करने का विभाग का मकसद है कि दूरदराज से आने वाले कांवड़ियों को यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
भैसाली अड्डे से मेरठ डिपो की इन बसों को चलाया जा रहा है। स्टेशन अधीक्षक देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि हरिद्वार के लिये पर्याप्त बसों की व्यवस्था कर दी गई है। 28 फरवरी तक लगातार बस चलाई जाएंगी। किसी भी यात्री को परेशानी नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: रूस ने यूक्रेन पर बोला हमला: मेरठ के छात्र फंसे, परिजनों में डर और भय का माहौल, सरकार के प्रति गुस्सा
कांवड़ियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बसें 24 घंटा बस अड्डों पर उपलब्ध रहेंगी। रात को भी बस के चालक, परिचालक बस अड्डे पर ही रहेंगे ताकि किसी भी कांवड़ियों को दिक्कत न हो, उन्हें समय पर बसें मिलें और कांवड़ियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाया जा सके।
बता दें कि वेस्ट यूपी में शिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया जाता है। श्रावण मास की शिवरात्रि में भारी संख्या में यहां शिवभक्त कांवड़िये हरिद्वार और गौमुख से गंगाजल लाकर भगवान शिव को अर्पण करते हैं। मार्च की महाशिवरात्रि में भी कांवड़ चढ़ाने की परंपरा है, लेकिन इसमें कांवड़ियों की संख्या कम होती है।