मोहल्ला आदर्शनगर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में सोमवार को भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। कथा का शुभारंभ विधिविधान के साथ पूजा-अर्चना के बाद हुआ। कथा वाचन आचार्य रहीश मिश्रा द्वारा किया गया।
कथा के प्रथम दिन आचार्य रहीश मिश्रा ने कहा कि भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के समस्त कष्टों को दूर करता है और उसे धर्म, भक्ति तथा सदाचार की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य का शरीर एक मंदिर के समान है, और उसके बाहर जो संसार है, उसमें भटकाव की बजाय आत्मिक चेतना को जगाना आवश्यक है। महाराज ने भागवत जी के प्रथम स्कंध, प्रथम श्लोक की व्याख्या करते हुए बताया कि इसकी रचना धर्म प्रचार के लिए की गई थी। उन्होंने गोकर्ण जी और धुंधकारी की कथा सुनाते हुए समझाया कि कैसे भागवत श्रवण से एक महाप्रेत तक का कल्याण हो सकता है। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए। इस अवसर पर विनय गुप्ता, सुधीर, दीपक, संजय सोनी, निक्की, जॉनी सोम, अनुरोध बंसल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।