मवाना। संपूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी सूर्यकांत त्रिपाठी व एस डी एम संतोष कुमार सिंह ने जनसमस्याएं सुनी। कुल 54 शिकायतें आई, मौके पर केवल चार का ही निस्तारण हो सका।
व्यापार संगठन मेरठ के महामंत्री अंकित जैन ने की शिकायत में कहा है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद भी किसी अधिकारी द्वारा शिकायतों का जवाब नहीं दिया गया है। शिव कुमार पुठ्ठी ने ऋण धारकों से हो रही हेराफेरी का जांच कराने की मांग की। शंकुतला खजूरी ने आवासीय पट्टे की भूमि को कब्जा मुक्त कराने, जमालुद्दीन किठौर ने चकरोड को कब्जा मुक्त कराने, दीपक निलौहा ने घरेलू बिजली को ठीक कराने, हरपाल इंद्रापुरम ने उसको मृतक दर्शाकर अमीन व लेखपाल द्वारा अन्य के नाम जमीन करने के संबंध में, संजीव सकौती ने चक मार्ग की भूमि को पूरा कराने, कंवरपाल पसवाडा ने धमकी देकर जमीन व 14 लाख रुपये हड़पने वाले के खिलाफ कार्रवाई कराने की मांग की।