जीएसटी अफसरों को सौंपी 175 करोड़पति कबाड़ियों की सूची
मेरठ। पुलिस लाइन की स्पेशल 75 टीम ने सोतीगंज के 175 करोड़पति कबाड़ियों की सूची तैयार की है। अवैध तरीके से अर्जित की संपत्ति और फोटोग्राफी सहित यह रिकार्ड जीएसटी के अधिकारियों को सौंपा गया है। इसके आधार पर जीएसटी कबाड़ियों पर बड़ी कार्रवाई कर सकती है।
सोतीगंज में पहले पुलिस ने कबाड़ियों पर शिकंजा कसना शुरू किया और अब जीएसटी की कार्रवाई भी शुरू हो गई है। शुक्रवार को जीएसटी ने सोतीगंज के 328 दुकानदार और कबाड़ियों को नोटिस दिया था। इनके पास जीएसटी नंबर नहीं था। सोतीगंज में कौन-कौन चोरी के वाहन काटते हैं और उन्होंने कितनी संपत्ति अर्जित की है। इसकी जानकारी जुटाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस लाइन में तैनात स्पेशल 75 की टीम लगाई थी। इस टीम ने कबाड़ियों का पूरा भंडाफोड़ कर दिया है ताकि पुलिस या फिर जीएसटी उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई कर सके।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया है कि पुलिस टीम ने 175 कबाड़ियों का रिकॉर्ड दिया है। इनके खिलाफ कहां और कितने मुकदमे हैं और चोरी एवं लूट के वाहन काटकर कितनी संपत्ति अर्जित की है। इसका ब्योरा है। फोटोग्राफी सहित यह सूची जीएसटी के अफसरों को दी है। सोतीगंज में दुकानों और गोदामों को जीएसटी नंबर देना है। इसके लिए पुलिस की जरूरत पड़ेगी तो 24 घंटे फोर्स उपलब्ध कराएंगे।
---
तीन कबाड़ियों की संपत्ति जल्द होगी कुर्क
सोतीगंज के शातिर कबाड़ी हाजी गल्ला की करीब 10 करोड़ की संपत्ति जब्त की है। गल्ला के बाद हाजी इकबाल समेत तीन कबाड़ी की संपत्ति जल्द कुर्क होगी। पुलिस ने बताया है कि 32 कबाड़ियों पर गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज हुआ है। एक-एक करके पुलिस उनकी संपत्ति की जानकारी जुटा रही है, ताकि कुर्की की कार्रवाई की जा सके।