जमीन धंसने से दो मंजिला मकान का गिरा लिंटर, दो घायल
मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन में सोमवार दोपहर जमीन धंसने से एक नवनिर्मित मकान का लिंटर गिर गया। इसके बाद मलबे में दबने एक मजदूर और ठेकेदार घायल हो गए। अन्य मजदूरों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
गांव लालपुर निवासी जमील का समर गार्डन में जिलानी मस्जिद के पास 200 गज का प्लाट है। जमील इस पर मकान बना रहे हैं। यहां दूसरी मंजिल पर लिंटर डाला जा रहा था। आधा लिंटर डल चुका था। इसी दौरान मकान में करीब 15 मजदूर काम कर रहे थे। लिंटर डालने के दौरान अचानक जमीन धंसने लगी और धड़ाम से पूरा मकान गिर गया। गनीमत रही कि जमीन के धंसने का आभास होते ही वहां काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि एक मजूदर मलबे की चपेट में आ गया और उसके पैर में सरिया धंस गया।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी गई। क्रेन मंगवाकर मलबे को हटाया गया और मजदूरों की तलाश की गई, लेकिन ठेकेदार शादाब ने अपने मजदूरों की पूरी गिनती करने के बाद अधिकारियों और लोगों को उनके सकुशल होने की जानकारी दी। ठेकेदार ने बताया कि सावेज नाम का मजदूर घायल हुआ है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
ठेकेदार ने बताया कि यहां सलमान निवासी तारापुरी, निशार निवासी उज्जवला गार्डन, गुलफाम, रिजवान निवासी हापुड़ रोड, मोनू निवासी शहजाद कॉलोनी, आरिफ निवासी सऊदी वाली मस्जिद, शहजाद पुत्र फुरकान निवासी हापुड़ चुंगी, निजाम निवासी जाकिर कॉलोनी, मोहम्मद गुलशेर निवासी शहजाद कॉलोनी सहित अन्य काम कर रहे थे। घटना का पता चलने पर डिप्टी कमिश्नर वी.चैत्रा और सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारी पहुंचे और मजदूरों से बातचीत की। उनके सकुशल होने पर राहत महसूस की।