खालिद हत्याकांड : प्रधान समेत तीन को जेल भेजा
मंगलवार को प्रधान की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने किया था हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। खालिद हत्याकांड में बुधवार को थाना पुलिस ने मुल्हैड़ा के प्रधान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मंगलवार को दिल्ली में प्रधान की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने कोतवाली पर घंटों हंगामा किया था।
सीओ आरपी शाही ने बताया कि चुनावी रंजिश में मुल्हैड़ा में नफीस व साजिद पक्ष के बीच संघर्ष हो गया था। संघर्ष में खालिद व हसरत समेत छह लोग घायल हुए थे। नफीस पक्ष ने प्रधान कुलदीप समेत 19 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। वहीं साजिद पक्ष ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उपचार के दौरान खालिद की मौत हो गई। इसके बाद मुकदमा हत्या में तरमीम हो गया।
हत्या के आरोप में पुुलिस पहले ही चार लोगों को जेल भेज चुकी है। मंगलवार को पुलिस ने दिल्ली में द्वारका सेक्टर 17 से प्रधान कुलदीप पुत्र चरण सिंह, कुलदीप शर्मा पुत्र रामकुमार, और राजेश उर्फ झब्बर को गिरफ्तार किया। उनको छुड़ाने के लिए ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव किया था। सीओ ने बताया कि तीनों का चालान कर जेल भेजा गया है।