तीन दिन तक बंधक बनाकर विवाहिता को भूखा-प्यासा रखा
सरूरपुर। गांव सरूरपुर निवासी विवाहिता को दहेज की मांग के लिए ससुरालियों ने तीन दिन तक भूखा-प्यासा बंधक बनाकर रखा। महिला किसी तरह बंधनमुक्त होकर परिजनों के साथ थाने पहुंची। पीड़िता ने पति सहित ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए गुहार लगाई है।
पीड़िता प्रीति पुत्री सुदेश निवासी सरूरपुर खुर्द ने थाने में दी तहरीर में बताया कि दो साल पूर्व उसकी शादी बंटी उर्फ विक्रम पुत्र दिनेश निवासी मुरादनगर जिला गाजियाबाद के साथ हुई थी। विवाहिता का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले आए दिन उसके साथ मारपीट करते हैं। कई बार मामले में पंचों ने ससुराल वालों को समझाकर मामला शांत कराया। लेकिन इसके बावजूद पति समेत सुसराल पक्ष के लोग महिला के साथ मारपीट से बाज नहीं आए।
विवाहिता ने बताया कि गत दिवस ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट की और तीन दिन तक बंधक बनाकर भूखा-प्यासा रखा गया। पीड़िता ने किसी तरह बंधन मुक्त होकर परिजनों को सूचना दी। बृहस्पतिवार को परिजनों के साथ पीड़िता थाने पहुंची। पीड़िता ने पति बंटी उर्फ विक्रम व ससुरालियों के खिलाफ तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
दहेज उत्पीड़न के आरोपी पति को जेल भेजा
सरूरपुर। थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि गत दिवस क्षेत्र के गांव पांचली बुजुर्ग निवासी एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसकी बेटी को ससुराल वाले दहेज उत्पीड़न के चलते आए दिन मारपीट करते हैं। उसके जेठ व ससुर विवाहिता पर गलत निगाह रखते हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पति, ननद, जेठ सहित पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को फरार चल रहे आरोपी पति हुसैन पुत्र वकील निवासी गांव नंगला रियावली थाना रतनपुरी मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।