फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा: गंगा-यमुना के घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, बिजनौर में 10 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Tue, 24 Nov 2026 11:58 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को वेस्ट यूपी के गंगा और यमुना घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बिजनौर में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया, जिनमें सात लाख से अधिक विदुरकुटी घाट पहुंचे। हस्तिनापुर के मखदूमपुर में दीपदान के बाद मुख्य स्नान हुआ, जबकि सरसावा और यमुना तट के अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया।
विज्ञापन
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में स्नान करते श्रद्धालु - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को गंगा और यमुना के घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर और बागपत समेत कई जिलों में लाखों श्रद्धालुओं ने नदियों में स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया।

विज्ञापन


बिजनौर में जिलेभर के प्रमुख घाटों पर करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। वहीं, हस्तिनापुर के मखदूमपुर गंगा घाट पर सोमवार शाम दीपदान के बाद मंगलवार सुबह मुख्य स्नान हुआ। श्रद्धालुओं ने बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए। यमुना घाटों पर भी सुबह से ही स्नान के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।

यह भी पढ़ें: सियासी हलचल: मुजफ्फरनगर आ सकते हैं सीएम योगी, देंगे विकास कार्यों की सौगात, जनसभा की तैयारी शुरू

विज्ञापन
Trending Videos

कार्तिक पूर्णिमा स्नान - फोटो : अमर उजाला
मखदूमपुर में दीपदान के बाद गंगा स्नान, घाटों पर उमड़ी भीड़
हस्तिनापुर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मखदूमपुर गंगा घाट पर मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद कई परिवारों ने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया। इससे पहले सोमवार को कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी पर घाट पर दीपदान पर्व श्रद्धा और भावुकता के साथ मनाया गया था।

सोमवार शाम पांच बजे के बाद गंगा के मुख्य घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। सूर्यास्त होते ही हजारों लोगों ने अपने दिवंगत परिजनों की आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के साथ गंगा में दीपदान किया। गंगा की जलधारा में तैरते दीपों से घाट जगमगा उठे। अपनों की याद में कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।

मेरठ के अलावा दिल्ली, गाजियाबाद, बागपत, मुजफ्फरनगर और बिजनौर सहित आसपास के जनपदों से श्रद्धालु पहुंचे। दूसरे प्रदेशों से आए लोगों ने भी परंपरा के अनुसार पटेरा और घास से तैयार आसनों पर दीपक जलाकर गंगा में प्रवाहित किए। श्रद्धालुओं ने पुरोहितों को वस्त्र, अन्न और दक्षिणा दान की। सोमवार शाम हुई आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। मंत्रोच्चार के बीच पूरा मेला स्थल भक्तिमय हो गया।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान - फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस का पहरा
गंगा स्नान मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। मखदूमपुर गंगा घाट सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। घाटों पर स्नान करने वालों की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लगातार निगरानी रखी गई। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं को गहरे पानी की ओर जाने से रोकते और सतर्क करते नजर आए। मेले में आने-जाने वाले मार्गों पर भी पुलिस का पहरा रहा। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें: उजैद गिरफ्तार: 10 महीने से कश्मीर पुलिस को दे रहा था चकमा, मोबाइल फोन बरामद, चैट्स खोलेंगी साजिश के गहरे राज

कार्तिक पूर्णिमा स्नान - फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में 10 लाख श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
बिजनौर में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को जिले के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विदुरकुटी, गंगा बैराज, बालावाली घाट, जलीलपुर और रामगंगा समेत प्रमुख घाटों पर सुबह से ही स्नान के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। जिलेभर में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई।

सबसे अधिक भीड़ विदुरकुटी घाट पर रही। यहां अनुमानित सात लाख से अधिक श्रद्धालु स्नान करने पहुंचे। लोगों ने गंगा स्नान के बाद पूजा-अर्चना और बच्चों के मुंडन संस्कार कराए। घाटों पर हर-हर गंगे के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्तिक पूर्णिमा स्नान - फोटो : अमर उजाला
सहारनपुर में श्रद्धालुओं ने यमुना में लगाई डुबकी
सहारनपुर के सरसावा में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को श्रद्धालुओं ने यमुना नदी में स्नान किया। सुबह से ही यमुना घाट पर स्नान करने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान घाट पर धार्मिक माहौल बना रहा।
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा स्नान - फोटो : अमर उजाला
बागपत और कैराना में भी यमुना घाटों पर उमड़ी भीड़
बागपत में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बागपत स्थित यमुना तट पर हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लाखों श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने यमुना में स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया।

वहीं, कैराना स्थित यमुना घाट पर भी सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। सुबह पांच बजे से ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लोग यमुना तट पर पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान कर पवित्र जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। पूरे दिन घाट पर धार्मिक गतिविधियां चलती रहीं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें