सुबह पांच बजे से शुरू हुआ स्नान का सिलसिला
कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार सुबह करीब पांच बजे से ही श्रद्धालुओं का यमुना तट पर पहुंचना शुरू हो गया था। ब्रह्म मुहूर्त में लोगों ने नदी में स्नान किया और पवित्र जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवारों के साथ घाट पर पहुंचे।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर नदी में स्नान और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। इसी आस्था के साथ श्रद्धालुओं ने यमुना में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की।
कार्तिक पूर्णिमा पर यमुना में स्नान करते श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
वस्त्र, मिष्ठान और दक्षिणा का किया दान
कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और पूजन के साथ दान-पुण्य की परंपरा भी निभाई गई। श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों को वस्त्र, मिष्ठान और दक्षिणा भेंट की। पूरे दिन घाट पर धार्मिक गतिविधियां जारी रहीं। लोगों ने श्रद्धा के साथ पर्व मनाया और पूजा-अर्चना की।
सुरक्षा के लिए गोताखोर और बाढ़ राहत इकाई तैनात
यमुना तट पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए निजी गोताखोरों के साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की बाढ़ राहत इकाई को भी तैनात किया गया था। प्रशासन और सुरक्षा कर्मी लगातार घाटों पर निगरानी कर रहे थे, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में स्नान और पूजन कर सकें।