हत्या के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी लेकिन पुलिस ने हत्या के तीसरे दिन ही शुक्रवार की शाम घटना का खुलासा कर दिया। घटनाक्रम के संबंध में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि कार्तिक पुत्र प्रवीण चौधरी निवासी रोहटा का क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से अफेयर चल रहा था।
इसी को लेकर भदौड़ा निवासी अनुभव मलिक उर्फ शूटर पुत्र गोटी उर्फ विकेंद्र ने अट्टा चिंदौडी गांव के जंगल में कहासुनी के बाद कार्तिक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में उसने एक अन्य साथी की भी मदद ली थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मुख्य आरोपी अनुभव मलिक उर्फ शूटर पुत्र विकेंद्र निवासी भदौड़ा को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास हत्याकांड में प्रयुक्त अवैध तमंचा द 315 बोर दो कारतूस व हत्या में प्रयुक्त की गई डिस्कवर बाइक मिली। उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार किया है।
पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात का नाम भी प्रकाश में आ गया तथा शीघ्र उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
प्रेम-प्रसंग बना कार्तिक की हत्या की वजह
पुलिस ने बताया कि मृतक कार्तिक व क्षेत्र के गांव निवासी युवती का काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की बात शादी तक पहुंच चुकी थी, लेकिन इसी बीच भदौड़ा निवासी अनुभव मालिक उर्फ शूटर बीच में विलेन बनकर आ गया और वह भी युवती के संपर्क में आना चाहता था। इसे लेकर जहां कार्तिक युवती पर अपना हक जताता था, वहीं अनुभव मलिक भी युवती को चाहता था। इसे लेकर दोनों के बीच कई बार हॉट टॉक भी हुई।
पुलिस ने बताया कि तीनों रोहटा के कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाते थे। जहां इस बात को लेकर कई बार दोनों के बीच कहा सुनी भी हुई। इसी मामले को लेकर घटना वाले दिन मृतक कार्तिक ने प्रशांत के मोबाइल से अनुभव को कॉल की और उसके व युवती के बीच में नहीं आने के लिए बोला।
इसे लेकर दोनों ने एक दूसरे को देखने का ऐलान किया और अट्टा चिंदौडी के जंगल में मिलने का वादा किया। वहां पहले से ही अनुभव मलिक अपने एक अन्य साथी अंकित के साथ तमंचा लेकर मौजूद था। कार्तिक और उसका दोस्त प्रशांत भी वहां पहुंच गया।
दोनों के बीच इसी मामले को लेकर कहा सुनी हुई और हाथापाई तक बात पहुंच गई। जिसके बाद अनुभव मलिक उर्फ शूटर ने कार्तिक की गोली मार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
अचूक निशानेबाज है हत्यारारोपी
मुख्य हत्यारोपी भड़ौदा निवासी अनुभव मलिक उर्फ शूटर पुत्र गोटी उर्फ विकेंद्र के बारे में पुलिस ने बताया कि अनुभव निशानेबाज भी है। इसी का फायदा उठाया और अचूक निशानेबाजी दिखाते हुए का की एक ही गोली में हत्या कर दी।
परिजनों से बात करते जयंत चौधरी
- फोटो : Amar Ujala
एमसीए के छात्र कार्तिक की हत्या के मामले में रालोद प्रमुख व राज्यसभा सांसद चौधरी जयंत सिंह परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे। परिजनों को बेटे की मौत पर सांत्वना देते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया। चौधरी जयंत सिंह मिलकर कार्तिक के माता पिता फफककर रो पड़े। रालोद नेता आसपास के ग्रामीण शोक सभा में शामिल हुए। रालोद राज्यसभा सांसद ने मृतक परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।