हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर जा रहे बरेली के कांवड़ियों ने कांवड़ खंडित होने पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने स्कूटी सवार दो युवकों को जमकर पीटा। पुलिस ने एक घंटा मान मनौव्वल कर गंगाजल उपलब्ध कराकर कांवड़ियों को गंतव्य के लिए रवाना किया।
बरेली के धनेटा फाटक क्षेत्र के 40 डाक कांवड़ियों का दल हरिद्वार से कांवड़ लेकर बरेली के लिए रवाना हुआ। एक बड़े वाहन और दर्जन भर बाइक पर सवार कांवड़िये कांवड़ के साथ नजीबाबाद के समीपुर बाइपास मार्ग से पुकार टॉकीज होकर जा रहे थे। पुकार टॉकीज पेट्रोल पंप के निकट एक स्कूटी सवार से कांवड़ खंडित हो गई। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने स्कूटी सवार युवकों को जमकर पीटा। आस-पास के लोगों ने किसी तरह उन्हें बचाया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय कुमार, उप निरीक्षक सौरभ सिंह, महेंद्र नागर, राजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। शिव भोला डाक कांवड़ यात्रा दल धनेटा के कांवड़ियों हरपाल सिंह, वीरेंद्र, नेत्रपाल, लाल प्रसाद, देवदत्त, रिंकू, सूरज, अमरपाल, करन सिंह और सनी ने जमकर हंगामा किया। थाना प्रभारी ने समझा कर उन्हें शांत किया। बाद में पुलिस ने गंगाजल उपलब्ध कराकर कांवड़ियों को गंतव्य के लिए रवाना किया।