मेरठ जिले में कैंट बोर्ड के जूनियर इंजीनियर अवधेश यादव ने एक व्हाट्सएप ग्रुप पर सीयूजी नंबर से अश्लील वीडियो डाल दिया। इस ग्रुप से महिलाओं के साथ ही शहर के जिम्मेदार लोग और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी जुड़े हैं। बखेड़ा होने से पहले ही जेई ने अपना मोबाइल चोरी होना बता दिया।
सदर बाजार पुलिस के मुताबिक जेई अवधेश ने बुधवार को अश्लील वीडियो डाली थी। ग्रुप में शामिल सदस्यों ने तीखी आपत्ति जताई तो जेई के सीयूजी नंबर से ही गलती से वीडियो पोस्ट की बात भी लिख दी गई। सदस्यों ने ग्रुप एडमिन ललित कुमार से जेई के खिलाफ केस दर्ज कराने को कहा।एडमिन गुरुवार को सदर बाजार थाने में तहरीर देने पहुंचा तो पता चला कि जेई ने मोबाइल गुम होने की तहरीर दे रखी है। जेई का कहना है कि मोबाइल गुम हो गया था। इसी दौरान उसके सीयूजी नंबर से ग्रुप में किसी ने अश्लील वीडियो पोस्ट किया है। इसकी कोई जानकारी उनको नहीं है।
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र पोस्ट डालने वाले पर देशद्रोह का मुकदमा, कोर्ट से भेजा जेल
वहीं, एडमिन का कहना है कि आरोपी जेई की शुक्रवार को एसएसपी से शिकायत की जाएगी। बुधवार को गुमशुदगी दर्ज होने की भी जांच होनी चाहिए। उधर, सीओ कैंट संजीव देशवाल का कहना है कि जेई ने मोबाइल गुम होने की जिस समय तहरीर दी होगी, उसे उसी समय जीडी में दर्ज कराया गया होगा।