भूसामंडी बवाल का आरोपी हाजी सईद गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में भूसामंडी बवाल और फैज-ए-आम प्रकरण में वांछित हाजी सईद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पांच दिन पहले पांच हजार के इनामी हाजी सईद के शिमला में याक पर घूमते हुए फोटो वायरल हुए थे।
एसओ सदर बाजार ने बताया कि सदर बाजार थानाक्षेत्र के भूसा मंडी में बीती छह मार्च को 200 झुग्गियों में आग लगाने के बाद बवाल हुआ था। बवाल में भाजपा कार्यकर्ता शाहिद भारती, इश्तियाक, नदीम, अब्बास और रहीसुद्दीन उर्फ चिल्ली समेत 16 आरोपी जेल जा चुके हैं। बवाल को लेकर सदर थाने में तीन, रेलवे रोड में दो और देहलीगेट में एक मुकदमा दर्ज है। जांच में सामने आया कि युवा सेवा समिति का अध्यक्ष बदर अली भी बवाल में मौजूद था। उसके कहने पर भीड़ ने रोडवेज बस, अन्य वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़ की थी।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला एक्सक्लूसिव: 55 बवाली अमन में डाल रहे खलल, सबूत के लिए काफी है ये तीन बड़े मामले
बताया गया कि हाजी सईद 30 जून को फैज-ए-आम से बिना अनुमति निकाले गए जुलूस और बवाल में भी बदर अली के साथ था। बदर अली फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस पूछताछ में हाजी सईद ने बताया कि पुलिस के डर से वह पहले मुरादाबाद में अपनी रिश्तेदारी में रहा। इसके बाद शिमला घूमने चला गया था। चर्चा है कि पुलिस ने सईद को मुरादाबाद से पकड़ा है। कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।