विदेश से 70 लोग और आए
विदेश से 70 लोग और आए हैं। 21 नवंबर से अब तक 2354 लोग आ चुके हैं, जिनमें से 1358 की जांच हो चुकी है, 9 लोग बिना जांच वापस चले गए, 192 के नंबर रिपीट निकले हैं।
3.20 लाख किशोरों को लगेगा टीका बुधवार को 18498 लोगों ने कोरोना से बचाव का टीका लगवाया। तीन जनवरी से 15 से 18 साल तक के 3.20 लाख किशोरों को टीका लगेगा।
जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी दूसरे दिन भी टाले 20 ऑपरेशन
दिल्ली में जूनियर डॉक्टरों को हिरासत में लिए जाने से नाराज एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इससे मरीजों को बहुत परेशानी हुई। 20 लोगों के ऑपरेशन होने थे, लेकिन हड़ताल की जानकारी होने पर 18 आए नहीं। दो महिला ऑपरेशन कराए बिना लौट गईं।
जूनियर और सीनियर रेजिडेंट ने मंगलवार से कार्य बहिष्कार किया हुआ है। पहले दिन ही 40 ऑपरेशन नहीं हो सके थे। करीब 200 डॉक्टर इमरजेंसी के सामने धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इनके स्थान पर इंटर्न और नॉन पीजी डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई हुई है।
दूसरे अस्पताल ले जा रहे हैं
मुजफ्फरनगर निवासी राजकुमार सांस के मरीज हैं। परिजनों ने बताया कि इलाज के लिए आए थे, डॉक्टर हड़ताल पर हैं। किसी अन्य अस्पताल में ले जा रहे हैं।
किला परीक्षितगढ़ निवासी नूरजहां की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर है। इलाज के लिए आए थे, जो कि हड़ताल की वजह से नहीं मिला। परिजन वापस ले गए।
ओपीडी में आए 2346 मरीज
प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता का कहना है कि बुधवार को 2346 मरीज ओपीडी में देखे गए और 34 ऑपरेशन भी हुए। इनमें हड्डी रोग विभाग में 6, गायनिक में 13, नेत्र विभाग में 6 और अन्य में 9 ऑपरेशन किए गए। उन्हीं मरीजों का ऑपरेशन नहीं हुआ, जो खुद से नहीं आए। आपातकालीन विभाग में 15 नए मरीज भर्ती हुए और अन्य वार्डों में 50 नए मरीज भर्ती किए गए।