बागपत के छपरौली के श्री विद्या मंदिर इंटर कालेज में आयोजित कार्यक्रम में जयंत चौधरी को पकड़ी पहन?
- फोटो : BAGHPAT
जयंत चौधरी को पगड़ी पहनाकर सौंपी विरासत
भावुक हुए जयंत बोले, न सम्मान कम होने दूंगा, न सिर झुकने दूंगा
- छपरौली में हुआ पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की श्रद्धांजलि सभा, रस्म पगड़ी कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और उनके बेटे पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की कर्मभूमि छपरौली में रविवार को रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के सिर पर पगड़ी रखकर विरासत सौंपी गई। इस दौरान भावुक हुए जयंत चौधरी ने कहा कि वह यहां के लोगों का सम्मान कम नहीं होने देंगे और कभी उनका सिर नहीं झुकने देंगे।
छपरौली के श्री विद्या मंदिर इंटर कालेज में रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की श्रद्धांजलि सभा व रस्म पगड़ी कार्यक्रम में सर्वप्रथम हवन में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी सहित व अन्य नेताओं ने आहुति दी। इसके बाद जयंत चौधरी को 36 बिरादरी के चौधरियों, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब से आए खापों के चौधरियों ने पगड़ी पहनाई। इस दौरान जयंत चौधरी की आंखों से आंसू छलक उठे। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने उनके पिता का पूरा साथ दिया है और वे इस अहसान को नहीं भूलेंगे। उनके पिता का असामान्य समय में निधन हो गया और लोग उनके अंतिम दर्शन भी नहीं कर सके। छपरौली ने यह कार्यक्रम कर बताया है कि यहां के लोग हमेशा उनके परिवार का हिस्सा रहेंगे। पगड़ी विश्वास और आशीर्वाद है, चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह की विरासत है, यहां के लोगों का आशीर्वाद मेरे लिए कवच का काम करेगा।