विश्व कप में बेहतरीन प्रदर्शन कर रही भारतीय क्रिकेट टीम के उत्साहवर्धन के लिए प्राथमिक विद्यालय कमालपुर के बच्चों ने विशेष एक्टिविटी की। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रविवार को विश्व कप का मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम की जीत के लिए हर तरफ दुआएं हो रही हैं। हर हिंदुस्तानी की यही कामना है कि विश्व कप की जीत का सेहरा टीम इंडिया के सिर सजे।
विज्ञापन
इसके लिए शनिवार को प्राथमिक विद्यालय कमालपुर में शिक्षिका यतिका पुंडीर के निर्देशन में बच्चों ने विशेष तरह की एक्टिविटी की। बच्चों ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों के मास्क लगाकर इस गतिविधि में हिस्सा लिया। बच्चों ने भारतीय टीम के गेंदबाजों के समर्थन में कुछ स्लोगन लिखे हैं।
`लिख दो आसमान में ये वर्ल्ड कप इंडिया के पास है, चूक गए अगर बैट से तो बालिंग में धधकती आग है।`
बैट्समैन का उत्साहवधर्न करते हुए लिखा-`मेहनत करके अगर पसीना बहाओगे, क्रिकेट में तुम सेंचुरी जरूर बनाओगे।`
पूरी टीम इंडिया के लिए यह खास स्लोगन लिखा-
`ए नीली जर्सी वालो, 140 करोड़ सपनों के रखवालों।
दिखा के जज्बा तिरंगा लहरा लो, इस बार फिर से विश्व कप उठा लो।
माना कि ये इम्तिहान बड़ा है, लेकिन तुम्हारे पीछे पूरा हिंदुस्तान खड़ा है।`
हाथों में तिरंगा थामे बच्चों ने ये स्लोगन बोले तो भारतीय क्रिकेट टीम की जीत का सपना साकार होता दिखा। इस गतिविधि में बच्चों ने हिस्सा लिया। इस दौरान यतिका पुंडीर ने बच्चों को विश्व कप क्रिकेट से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी दीं।