सहारनपुर एटीएस द्वारा देवबंद से पकड़े गए लश्कर-ए-ताइबा से जुड़े संदिग्ध आतंकी इनामुल हक को रिमांड पर लेने के बाद अहम खुलासे हुए हैं। एटीएस ने इनामुल हक द्वारा डिलीट की गई चैट को रिकवर कर लिया है, जिससे पता चला कि आरोपी लश्कर-ए-ताइबा के आतंकियों से बात करता था। वह पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में भी आतंकियों के संपर्क में था। आरोपी लैपटॉप से इंटरनेट कॉल करता था, जिसे भी एटीएस रिकवर करने में लगी है।
एटीएस ने कोर्ट के आदेश पर इनामुल हक को पांच दिन की रिमांड पर लिया है। सूत्रों के मुुताबिक वह सोशल मीडिया एकाउंट के मैसेंजर और व्हाट्सएप के जरिए लश्कर-ए-ताइबा के आतंकियों से जुड़ा था। वह पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेशी आतंकियों के संपर्क में था।
वह जिहाद के लिए भी युवाओं को प्रेरित करता था। ट्रेनिंग के लिए इनामुल हक पाकिस्तान जाना चाहता था, लेकिन उससे पहले भी वह एटीएस के हत्थे चढ़ गया है। वहीं, एसएसपी आकाश तोमर का कहना है कि एटीएस अपने स्तर से पूछताछ कर रही है। इससे ज्यादा जानकारी अभी उनके पास नहीं है।