संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मोहल्ला हीरालाल में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। ससुराल वालों का कहना है कि विवाहिता ने आत्महत्या की है। वहीं सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहल्ला हीरालाल में धोबियों वाली गली निवासी सलमान कपड़ों पर प्रेस करने का कार्य करता है। उसकी मोहल्ला तिहाई में दुकान है। सलमान की शादी पांच साल पहले इंचौली थाना क्षेत्र के गांव गाजीपुर निवासी शबनम से हुई थी। सलमान की दो बेटियां हैं। बताया गया कि सलमान दो दिन से दुकान नहीं खोल रहा था। इसी बात पर पति-पत्नी के मध्य विवाद हुआ। नाराज शबनम ने पहली मंजिल पर बने कमरे में जाकर दरवाजा बंद कर पंखे से फंदा लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
शबनम काफी समय तक नीचे नहीं आई तो सलमान ऊपर पहुंचा और कमरे का दरवाजा खटखटाया। कोई आवाज नहीं आने पर उसने दरवाजा तोड़ा तो शबनम का शव लटके देख उसके होश उड़ गए। शव उतारकर चिकित्सक को बुलाकर दिखाया। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी और पुलिस मौके पर पहुंची। शबनम की मां शमीन ने हत्या का आरोप लगाया। काफी देर तक शव नहीं उठने दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट आदि सबूत एकत्र किए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, गांव गाजीपुर निवासी अरशद अली ने तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री शबनम की शादी 7 जून 2020 को सलमान से हुई थी। उसकी पुत्री की मृत्यु फांसी से हुई है। फिर भी मृत्यु का असली कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराना आवश्यक है। पुलिस ने पति को हिरासत में लिया हुआ है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शेष पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने वाली शबनम का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) मवाना।
फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने वाली शबनम का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) मवाना।
फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त करने वाली शबनम का फाइल फोटो। (स्त्रोत परिजन) मवाना।